नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) अध्यक्ष जे पी नड्डा (JP Nadda) अयोध्या स्थित राम मंदिर (Ram Mandir Pran Pratishtha) में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे और यहां स्थित झंडेवालान मंदिर से इस ऐतिहासिक समारोह को देखेंगे। नड्डा ने ‘प्राण प्रतिष्ठा’ कार्यक्रम में आमंत्रित करने के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास को शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के जरिए धन्यवाद दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
न्यास के पास मंदिर के निर्माण और प्रबंधन का प्रभार है। उन्होंने कहा कि भव्य मंदिर 500 वर्ष के संघर्ष के बाद बनाया जा रहा है और वह 22 जनवरी के बाद अपने परिवार के साथ मंदिर में ‘‘दर्शन” के लिए जाएंगे। केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई नेताओं को इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है।
मुझे श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास की तरफ से श्री अयोध्या जी में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के पावन कार्यक्रम का निमंत्रण प्राप्त हुआ है। निमंत्रण के लिए मैं श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास का आभार व्यक्त करता हूँ।500 साल के संघर्ष के बाद हमें राम मंदिर का भव्य…
— Jagat Prakash Nadda (Modi Ka Parivar) (@JPNadda) January 20, 2024
इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति मुख्य आकर्षणों में से एक होगी। ऐसा बताया जा रहा है कि सत्तारूढ़ दल के नेता देश के विभिन्न हिस्सों से आम लोगों सहित अन्य लोगों के साथ मिलकर इस समारोह को देखेंगे। दरअसल पार्टी नेतृत्व ने सुझाव दिया है कि नेताओं को 22 जनवरी के बाद मंदिर में दर्शन करने जाना चाहिए।
प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अतिथियों के शामिल होने की उम्मीद है। न्यास ने सभी अहम दलों के मुख्य नेताओं, विशेषकर अध्यक्षों को आमंत्रित किया है। समारोह में आमंत्रित लगभग सभी विपक्षी नेताओं ने इसमें शामिल होने से इनकार कर दिया है और कांग्रेस ने इसे भाजपा-राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का कार्यक्रम बताया है।
(एजेंसी)
Bjp president jp nadda receives invitation for pran pratistha ceremony