

BJP National Office Bearers Announcement: भारतीय जनता पार्टी के गलियारों से एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। संगठन में बड़े फेरबदल की सुगबुगाहट अब हकीकत में बदलने वाली है। सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी बहुप्रतीक्षित नई टीम को फाइनल टच दे दिया है और आज यानी सोमवार को इसका आधिकारिक ऐलान हो सकता है। इस बार की टीम में न केवल युवाओं का जोश दिखेगा, बल्कि सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन का संगम भी देखने को मिलेगा।
बीजेपी की इस नई टीम की सबसे बड़ी और क्रांतिकारी बात यह है कि इसमें 33 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। बीजेपी संविधान में हुए संशोधन के बाद यह पहली बार होगा जब राष्ट्रीय पदाधिकारियों की टीम में महिलाओं की इतनी बड़ी भागीदारी सुनिश्चित की गई है। कुल 38 राष्ट्रीय पदाधिकारियों में से कम से कम 13 महिलाओं का होना अब अनिवार्य है, जो पार्टी के नारी शक्ति एजेंडे को संगठन के भीतर भी मजबूती देगा।
नितिन नबीन की टीम में केवल महिला प्रतिनिधित्व ही नहीं, बल्कि दलित और आदिवासी समाज को भी विशेष प्राथमिकता दी गई है। नियमों के अनुसार, नई टीम में अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के प्रत्येक वर्ग से कम से कम तीन-तीन पदाधिकारी होने आवश्यक हैं। यह कदम आगामी विधानसभा चुनावों और सामाजिक न्याय के नैरेटिव को ध्यान में रखकर उठाया गया है ताकि समाज के हर वर्ग तक पार्टी की पहुंच और मजबूत हो सके।
संगठन के इस बड़े बदलाव में पदों का वितरण कुछ इस प्रकार होने की संभावना है:
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष: अधिकतम 13
राष्ट्रीय महामंत्री: 9 (जिसमें एक महामंत्री संगठन शामिल होगा)
राष्ट्रीय मंत्री: 15
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष: 1
इसके साथ ही, पार्टी की सबसे ताकतवर संस्था 'पार्लियामेंट्री बोर्ड' और 'केंद्रीय चुनाव समिति' का भी पुनर्गठन किया जाएगा। पार्लियामेंट्री बोर्ड में वर्तमान में 12 सदस्य हैं, जिन्हें क्षेत्रीय और धार्मिक संतुलन बैठाने के लिए पुनर्गठित कर अधिकतम 11 तक सीमित किया जा सकता है।
नितिन नबीन अपनी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का भी गठन करेंगे, जिसमें अध्यक्ष के अलावा अधिकतम 120 सदस्य होंगे। इसमें भी कम से कम 40 महिलाओं और 12 SC-ST सदस्यों की भागीदारी अनिवार्य रखी गई है। इसके अलावा, अनुभवी नेताओं और युवाओं के बीच संतुलन बनाने के लिए विशेष आमंत्रित और स्थायी आमंत्रित सदस्यों का मनोनयन भी अध्यक्ष की ओर से किया जाएगा।
इस पूरे फेरबदल का मुख्य उद्देश्य केवल पदों का बंटवारा नहीं, बल्कि आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी है। बीजेपी चाहती है कि चुनाव से पहले संगठन को ऐसी धार दी जाए जिससे वह जमीनी स्तर पर विरोधियों को मात दे सके। युवाओं को संगठन में आगे बढ़ाना और अनुभवी नेताओं की विशेषज्ञता का लाभ उठाना इस नई रणनीति का सबसे अहम हिस्सा है। जनवरी में नितिन नबीन के अध्यक्ष बनने के बाद से ही इस टीम का गठन पेंडिग था, जिसे अब अमलीजामा पहनाया जा रहा है।
नितिन नबीन की यह 'नई बीजेपी' न केवल संगठन के ढांचे को बदलेगी, बल्कि 2029 के महामुकाबले के लिए एक मजबूत नींव भी तैयार करेगी। आज होने वाले इस ऐलान पर पूरे देश की राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं।