पीएम मोदी और अमित शाह।
Tamilnadu Assembly Election 2026: तमिलनाडु भाजपा प्रमुख के. अन्नामलाई ने विधानसभा चुनाव से पहले अभिनेता और नेता विजय की पार्टी टीवीके के साथ संभावित गठबंधन को लेकर बुधवार को चुप्पी साधे रखी। उन्होंने कहा कि उन्हें इस मसले पर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। वैसे, उन्होंने माना कि सत्तारूढ़ द्रमुक की हार सुनिश्चित करने के लिए सभी द्रमुक विरोधी वोटों को एकजुट करने को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
अन्नामलाई दिल्ली में केंद्रीय राज्य मंत्री एल. मुरुगन के आवास पर पोंगल समारोह में संवाददाताओं से बात कर रहे थे। पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या विजय और भाजपा गठबंधन से राजग मजबूत होगा? इस पर अन्नामलाई ने कहा कि कुछ बातें हैं, जिनका जवाब मैं नहीं देना चाहता। यह मेरे अधिकार क्षेत्र से बाहर का मामला है। इससे पहले संवाददाता सम्मेलन में जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अभिनेता से नेता बने विजय को राजग में शामिल होते देखना चाहते हैं तो अन्नामलाई ने कहा कि यह व्यक्तिगत भावनाओं का सवाल नहीं है।
द्रमुक को सत्ता से हटाने का सबसे बेहतर तरीका है कि सभी द्रमुक विरोधी वोट एकजुट हों। यही राजनीति है। भाजपा नेता ने तमिलनाडु के चुनावी परिदृश्य को दुर्लभ चतुष्कोणीय मुकाबला के रूप में बताया। उसमें द्रमुक नीत गठबंधन, अन्नाद्रमुक के नेतृत्व वाला राजग, तमिलागा वेत्री कझगम (टीवीके) और नाम तमिलर काची (एनटीके) के प्रमुख सीमान का संगठन शामिल है। इसकी कुल मतों में 8 से 9 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
हाल में अन्नामलाई ने राजग को मिली सफलताओं पर जोर दिया। उसमें पिछले सप्ताह नए गठबंधन साझेदार को जोड़ना शामिल है। उन्होंने चेन्नई में 23 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के साथ अभियान की शुरुआत का भी जिक्र किया। इस सवाल के जवाब में कि क्या विजय द्रमुक को सत्ता से बाहर करना चाहते हैं पर उन्होंने कहा कि उनके भाषणों से तो यही लगता है। उनके 90% भाषणों में वह द्रमुक पर हमला करते हैं। वह चाहते हैं कि द्रमुक सत्ता से बाहर हो जाए।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में विजय को मिल गए ‘तुरुप के इक्के’…BJP और स्टालिन की बढ़ी टेंशन! चुनाव से पहले हुआ खेला
तमिलनाडु में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) की सरकार है। एमके स्टालिन मुख्यमंत्री हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में डीएमके ने 133 सीटें जीती थीं। डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन सेकुलर प्रोग्रेसिव अलायंस (SPA) ने 159 सीटों पर कब्जा जमा लिया था। देश की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा सिर्फ 4 सीटें जीत सकी थीं। पार्टी 20 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। प्रदेश में कुल 2.6% वोट मिले थे।