'शानदार है आंध्र का डिजिटल मॉडल', सीएम नायडू से मिले बिल गेट्स; रीयल टाइम गवर्नेंस की तकनीक को देख हुए हैरान

Bill Gates India Visit: माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने अमरावती में सीएम नायडू से मुलाकात की। उन्होंने आंध्र प्रदेश के रियल टाइम गवर्नेंस की जमकर सराहना की और भविष्य में सहयोग पर चर्चा की।
Andhra Pradesh's digital model is fantastic," Bill Gates met with CM Naidu; was amazed by the real-time governance technology
बिल गेट्स ने चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात की, फोटो (सो.सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Bill Gates Meets CM Chandrababu Naidu: तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में आंध्र प्रदेश एक बार फिर वैश्विक पटल पर चमक रहा है। सोमवार को माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक और बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन के अध्यक्ष बिल गेट्स ने अमरावती में मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात की।

गेट्स नई दिल्ली में चल रहे 'एआई इम्पैक्ट समिट 2026' में भाग लेने के लिए भारत पहुंचे हैं जिसके बाद वे मुख्यमंत्री के निमंत्रण पर आंध्र प्रदेश के दौरे पर आए। गन्नवरम हवाई अड्डे पर आईटी मंत्री नारा लोकेश ने उनका स्वागत किया जिसके बाद वे सीधे राज्य सचिवालय पहुंचे।

डिजिटल गवर्नेंस का लोहा माना

सचिवालय में मुख्यमंत्री नायडू ने बिल गेट्स को राज्य सरकार की तकनीक-आधारित शासन प्रणाली को विस्तार से बताया। नायडू ने विशेष रूप से रियल टाइम गवर्नेंस सिस्टम (RTGS) की ताकत दिखाई और बताया कि कैसे 'डेटा लेक' के जरिए सभी सरकारी विभागों को एक सूत्र में पिरोया गया है। उन्होंने बताया कि 'Aware 2.0' प्लेटफॉर्म की मदद से सरकार अब हर समस्या पर रीयल-टाइम में नजर रख रही है और आंकड़ों के आधार पर तुरंत फैसले ले रही है। बिल गेट्स ने इस मॉडल को 'शानदार' बताते हुए आंध्र के टैक्स कलेक्शन और डेटा मैनेजमेंट की प्रशंसा की।

ब्लॉकचेन और स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांति

संपत्ति के रिकॉर्ड की सुरक्षा पर चर्चा के दौरान नायडू ने गेट्स को बताया कि राज्य में अब जमीनी रिकॉर्ड ब्लॉकचेन टेक्नोलॉजी के जरिए सुरक्षित किए जा रहे हैं। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए क्यूआर कोड (QR Code) का इस्तेमाल किया जा रहा है ताकि कोई हेराफेरी न हो सके।

इसके अलावा, गेट्स ने चित्तूर जिले के कुप्पम में चल रही ‘संजीवनी’ परियोजना की प्रगति के बारे में जानकारी ली, जो स्वास्थ्य रिकॉर्ड को डिजिटल रूप देने की एक महत्वपूर्ण पहल है। मुख्यमंत्री ने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार किया जा रहा है और बायो-डिजाइन के माध्यम से गरीबों के लिए सस्ती जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कृषि में AI और 'स्वर्ण आंध्र 2047' का विजन

बैठक के दौरान नायडू ने गेट्स को ‘स्वर्ण आंध्र 2047’ विजन के बारे में भी जानकारी दी, जिसका लक्ष्य राज्य को 2047 तक विकसित और समृद्ध बनाना है। सूत्रों के अनुसार, बिल गेट्स के अमरावती के उंडावल्ली गांव स्थित एक फार्म पर भी जाने की संभावना है जहां वे खेती में ड्रोन और AI तकनीक के प्रायोगिक इस्तेमाल को देखेंगे।

मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर अपनी पुरानी यादें साझा करते हुए कहा कि 1990 के दशक में बिल गेट्स के साथ हुई उनकी मुलाकात ने ही उन्हें तकनीक आधारित नागरिक सशक्तिकरण की दिशा में प्रेरित किया था। इस ऐतिहासिक मुलाकात में उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण, आईटी मंत्री नारा लोकेश और राज्य के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। राज्य सरकार ने गेट्स फाउंडेशन से स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र में चल रही परियोजनाओं का विस्तार पूरे आंध्र प्रदेश में करने का अनुरोध किया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com