नई दिल्ली: आज मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल , बिहार समेत कुल 7 राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के वोटों की गिनती शुरु हो गयी है। यहां पिछली बार BJP ने 3 सीट, कांग्रेस 2 और अन्य पार्टियों ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं इस उपचुनाव में 10 सीट विधायकों के इस्तीफे और 3 सीट मौजूदा विधायक के निधन के चलते खाली हुई थी।
इस उपचुनाव में अगर मतदान का प्रतिशत देंखें तो हिमाचल प्रदेश में 71% से अधिक मतदान हुआ था, जिसमें नालागढ़ निर्वाचन क्षेत्र में सबसे ज्यादा 78% मतदान हुआ था। वहीं तमिलनाडु के विक्रवंडी सीट पर 77.73% मतदान हुआ। इसके आलावा मध्य प्रदेश की अमरवाड़ा सीट पर 78.38% मतदान रहा था।
Bye Election to Assembly Constituencies: The counting of votes for the 13 Assembly seats spread across 7 states is underway. pic.twitter.com/rzl8SMl4OU — ANI (@ANI) July 13, 2024
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में देहरा सीट पर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर को उम्मीदवार बनाया था। वहीं अगर पंजाब की बात हो तो यहां की जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव को मुख्यमंत्री भगवंत मान के लिए अग्निपरीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है। CM मान ने लोकसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार के बाद इस सीट पर जीत हासिल करने के लिए खुब जोर लगाया है। बता दें कि यहां लोकसभा चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा था।
इसी तरह पश्चिम बंगाल में सत्ता पर बैठी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के लिए इस विधानसभा उपचुनाव में बहुत कुछ दांव पर लग चुका है। वह लोकसभा चुनावों में अपने हुए बेहतर प्रदर्शन का फायदा उठाना चाहती है। बिहार में यह उपचुनाव निवर्तमान विधायक बीमा भारती के इस्तीफे के चलते और भी जरूरी हो गया था। उन्होंने पूर्व में इस सीट को जेडीयू की प्रत्याशी के रूप में कई बार जीती थी। हालांकि अब बीमा भारती इस उपचुनाव में रुपौली से RJD की प्रत्याशी हैं।
देखा जाए तो विधायकों के इस्तीफे और पाला बदलने से चुनावी समीकरण अब बदलते जरुर दिख रहें हैं। वहीं लोकसभा चुनाव परिणाम नतीजों के आगाज के बाद इस उपचुनाव का रिजल्ट BJP और विपक्षी पार्टियां दोनों के लिए खास होता दिख रहा है।
जानकारी दें कि पश्चिम बंगाल की रायगंज, रानाघाट दक्षिण, बागदा और मानिकतला, उत्तराखंड की बद्रीनाथ और मंगलौर, पंजाब की जालंधर पश्चिम, हिमाचल प्रदेश की देहरा, हमीरपुर और नालागढ़, बिहार की रूपौली, तमिलनाडु की विक्रवंडी और मध्य प्रदेश की अमरवाड़ा विधानसभा सीट के उपचुनाव में बीते 10 जुलाई को मतदान हुआ था जिसके वोटों की गिनती आज अब शुरु हो चुकी है।