प्रतीकात्मक इमेज (सोर्स- एआई जनरेटेड)
Assam News: सोनितपुर में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसा एम्बुलेंस और ट्रक की जोरदार टक्कर की वजह से हुआ, जिसमें सात लोगों की जान चली गई। एनएच 15 पर ट्यूलिप टी गार्डन से एक मरीज को लेकर जा रही एम्बुलेंस की सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई। एम्बुलेंस में मरीज के साथ उसके परिजन भी सवार थे। अब तक इस हादसे में सात लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
सोनितपुर के एसएसपी बरुन पुरकायस्थ ने बताया कि एंबुलेंस एक मरीज और उसके परिवार के सदस्यों को लेकर तेजपुर चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पताल जा रही थी। इसी दौरान ढेकियाजुली पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 15 पर यह हादसा हो गया।
सोनितपुर के एसएसपी ने बताया कि इस दुखद हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तेजपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक और व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। एसएसपी के मुताबिक पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने यह भी बताया कि दुर्घटना के कारण बाधित हुआ राजमार्ग अब फिर से यातायात के लिए खोल दिया गया है।
इस हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। यह त्रासदी राष्ट्रीय राजमार्ग-15 पर सड़क सुरक्षा को लेकर जारी चिंताओं को उजागर करती है। यह एक व्यस्त हाईवे है जहां अक्सर भारी ट्रैफिक औरह तेज गति से वाहनों की आवाजाही देखने को मिलती है।
यह भी पढ़ें: असम में JMM ने छोड़ा ‘हाथ’ का साथ, क्या हेमंत सोरेन का ‘एकला चलो’ वाला दांव बिगाड़ेगा कांग्रेस का खेल?
इसी तरह के एक अन्य मामले में बाइक के पुल से नीचे गिर जाने से चार युवकों की मौत हो गई। यह हादसा मध्य प्रदेश के मंडला जिले का है। यहां शनिवार रात करीब 8 बजे बीजाडांडी थाना क्षेत्र के भैंसवाही गांव के पास ये हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक बाइक पर सवार होकर चार युवक पौड़ी गांव से भैसवाही गांव की ओर जा रहे थे। पुल से गुजरने के दौरान सड़क के गड्ढे के कारण मोटरसाइकिल नीचे गिर गई। इस हादसे में चारों युवक गंभीर रुप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई।