'बवंडर नहीं, ब्लंडर', राहुल पर अनुराग का वार, वायनाड-बंगाल-रायबरेली के उदाहरणों से जवाब

BJP Leader अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों का जवाब देते हुए कहा है कि SIR से जब फर्जी वोटर की सफाई हो गई तो कांग्रेस इसका विरोध कर रही है। इन्हें सिर्फ घुसपैठियों तक सीमित रहना है।
राहुल पर अनुराग का वार: ‘बवंडर नहीं, ब्लंडर’, वायनाड-रायबरेली-बंगाल के उदाहरण देकर घेरा
भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर व लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी
Published on
Updated on

 Anurag Thakur vs Rahul Gandhi: भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर करारा जवाब दिया। बुधवार को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष ने चुनाव आयोग और ईवीएम पर झूठा बवंडर खड़ा किया है। ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा, यह बवंडर नहीं, बल्कि ब्लंडर है। धूल इनके चेहरे पर थी, और आईना साफ करते रहे।

अनुराग ठाकुर ने विपक्ष के संसद से चुनाव आयोग तक मार्च के दौरान हुए हंगामे को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस 90 बार चुनाव हार चुकी है, और हर बार हार का ठीकरा ईवीएम या संवैधानिक संस्थाओं पर फोड़ दिया जाता है। उनके मुताबिक, कांग्रेस मतदाताओं के जनादेश को बार-बार नकारती है।

कांग्रेस पर फर्जी वोटिंग का आरोप

ठाकुर ने कहा कि रायबरेली, वायनाड और बंगाल के डायमंड हार्बर में वोटर लिस्ट में भारी गड़बड़ी के सबूत हैं। रायबरेली के बूथ नंबर 83, 151 और 218 पर एक ही घर से दर्जनों वोटर पंजीकृत हैं। बूथ 131 में हाउस नंबर 189 पर 47 वोटर आईडी एक साथ रजिस्टर्ड हैं। बंगाल में डायमंड हार्बर के बूथ 103 पर एक ही पते से कई धर्मों के वोटर दर्ज हैं। ठाकुर ने आरोप लगाया कि यहां खुर्शीद आलम नामक व्यक्ति का नाम बार-बार आता है, लेकिन पिता का नाम हर बार बदल जाता है।

वायनाड पर भी सवाल उठाते हुए ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को बताना चाहिए कि कैसे एक ही स्थान पर नए वोटरों की संख्या अचानक बढ़ गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह रवैया मतदान करने वालों का अपमान है और पार्टी केवल अपने कथित ‘घुसपैठिया वोटबैंक’ पर निर्भर रहना चाहती है।

EVM पर आरोप और भाजपा की प्रतिक्रिया

ईवीएम पर कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए ठाकुर ने कहा कि कभी ये ईवीएम पर पाबंदी लगाने की मांग करते हैं, कभी कहते हैं कि मशीनें रिमोट से हैक हो सकती हैं। लेकिन आत्मचिंतन करने की बजाय हार के बाद बार-बार संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि बिहार चुनाव के बाद भी कांग्रेस ने विपक्षी दलों के साथ मिलकर झूठे आरोप लगाए थे।

वहीं ठाकुर ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उनका नाम भारतीय नागरिक बनने से तीन साल पहले ही मतदाता सूची में शामिल कर लिया गया था। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि इटली में जन्मी सोनिया गांधी का नाम 1980 में मतदाता सूची में जोड़ा गया था, जबकि वह 1983 में भारतीय नागरिक बनीं है।

इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा कर लोगों से वोट के अधिकार की रक्षा करने और कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया। उन्होंने लिखा, “अपने वोट के अधिकार को छीनने न दें। सवाल पूछें, जवाब मांगें और इस बार वोट चोरी के खिलाफ खड़े हों।”

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com