आज की ताजा खबर: एक क्लिक में पढ़ें, दिनभर की खबरें

आज की ताजा खबर: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को अदालत की अवमानना के मामले में दोषी ठहराया गया है। अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने उन्हें छह महीने की जेल की सजा सुनाई है।
लाइव ब्रेकिंग न्यूज अपडेट
लाइव ब्रेकिंग न्यूज अपडेट (डिजाइन फोटो)

आज की ताजा खबर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज यानी बुधवार को 5 देशों की यात्रा पर रवाना हो चुके हैं। वह सबसे पहले अफ्रीकी देश घाना पहुंचेंगे। तीन दशक में यह पहला ऐसा मौका है जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री घाना की यात्रा कर रहा है।

वहीं, आज अमरनाथ यात्रियों का पहला जत्था भी जम्मू से रवाना हो चुका है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भगवती नगर बेस कैंप से हरी झंडी दिखाकर अमरनाथ यात्रियों को रवना किया है। इसके अलावा, देश के कई हिस्सों में बारिश और बाढ़ का कहर जारी है। हिमाचल प्रदेश में तो हालात काफी ज्यादा भयावह दिखाई दे रहे हैं।

घाना में पीएम मोदी का भव्य स्वागत

अक्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के दौरान छोटे बच्चों के एक समूह ने भावपूर्ण तरीके से 'हरे राम हरे कृष्ण' मंत्र का पाठ किया। इस आध्यात्मिक प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया और प्रधानमंत्री ने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना की।

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में एनकाउंटर, सुरक्षाबलों ने 2-3 आतंकियों को घेरा

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के घने जंगलों में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है। माना जा रहा है कि सेना ने जैश-ए-मोहम्मद के दो से तीन आतंकियों को घेर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, यह मुठभेड़ उस समय शुरू हुई जब पुलिस ने सेना और सीआरपीएफ की सहायता से चटरू क्षेत्र के कुचल इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने पर तलाशी अभियान चलाया।

US -वियतनाम के बीच हुई ट्रेड डील

अमेरिका और वियतनाम के बीच एक नई व्यापार डील पर सहमति बनी है, जिसके तहत वियतनाम को आयातित उत्पादों पर 20% टैरिफ का भुगतान करना होगा। यह समझौता दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

4 जुलाई को आएगा CUET UG का रिजल्ट

राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने एनटीए ने आधिकारिक तौर पर सीयूईटी यूजी का परिणाम जारी करने की तारीख का एलान कर दिया है। एनटीए सीयूईटी यूजी की परिणाम 4 जुलाई को घोषित करने वाला है। परीक्षा में तकरीबन 13 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे।

हिमाचल प्रदेश: मंडी में बादल फटने के बाद अब तक 11 मौतें

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बादल फटने से अब तक 13 अलग-अलग घटनाओं में 11 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 34 लोगों के लापता होने की सूचना है।

पंजाब में कल हो सकता है मंत्रिमंडल का विस्तार

पंजाब में आप सरकार 3 जुलाई को कैबिनेट विस्तार कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, लुधियाना से नव निर्वाचित विधायक संजीव अरोड़ा को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। इसको लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। साथ ही कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में बदलाव की भी संभावना जताई जा रही है।

बिहार में राष्ट्रपति शासन लगाना चाहते हैं पीएम: तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री मोदी पर आरोप लगाया है कि भविष्य में पीएम बिहार में राष्ट्रपति शासन लगा देंगे और पूरा प्रभार अपने हाथ में ले लेंगे।

चुनाव आयोग से मिलने पहुंचा INDIA अलायंस का प्रतिनिधिमंडल

INDIA गठबंधन का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग से मिलने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने आगामी चुनाव से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की और निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव की मांग करते हुए आयोग से उचित कार्रवाई की अपील की।

BJP की सरकार बनने पर मिलेगा बंगाल की जनता को न्याय: सुवेंदु अधिकारी

पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने राज्य की ममता बनर्जी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पूरे बंगाल में गुस्सा है। किसी को कस्बे में घुसने नहीं दिया जा रहा था, युवा मोर्चा ने हाईकोर्ट से अनुमति लेकर कस्बे में प्रवेश किया। असली न्याय तब मिलेगा जब 8 महीने बाद यहां भाजपा की सरकार बनेगी।

संविधान की धज्जियां उड़ा रहा चुनाव आयोग: तेजस्वी यादव

RJD नेता तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाया है कि आयोग उनके प्रतिनिधिमंडल से मिलने के लिए समय नहीं दे रहा है। तेजस्वी ने कहा कि आयोग लोकतंत्र को खत्म कर, संविधान की धज्जियां उड़ाने पर तुला हुआ है।

पटना के Caelum Restro मॉल में लगी आग

पटना स्थित Caelum Restro मॉल में आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कोशिश शुरू की जा रही है।

कोर्ट ने बिक्रम मजीठिया को 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा

मोहाली कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। प्रवर्तन निदेशालय ने पूछताछ के लिए रिमांड बढ़ाने की मांग की थी, जिस पर कोर्ट ने सुनवाई करते हुए यह फैसला सुनाया।

शेख हसीना को 6 महीने की जेल

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को अदालत की अवमानना के मामले में दोषी करार दिया गया है और उन्हें छह महीने की जेल की सजा सुनाई गई है। यह सजा अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण द्वारा सुनाई गई, जिसमें तीन सदस्यों वाली पीठ ने बुधवार को अपना फैसला सुनाया।

सीएम सिद्धारमैया को लेकर डीके शिवकुमार का बड़ा बयान

सीएम सिद्धारमैया पर कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा, "मेरे पास क्या विकल्प है? मुझे उनके साथ खड़ा होना है और उनका समर्थन करना है। मुझे इस पर कोई आपत्ति नहीं है। पार्टी हाईकमान जो भी कहेगा और जो भी फैसला करेगा, उसे पूरा किया जाएगा...मैं अभी कुछ भी चर्चा नहीं करना चाहता। लाखों कार्यकर्ता इस पार्टी का समर्थन कर रहे हैं।"

दलाई लामा ने जारी किया उत्तराधिकार को लेकर आधिकारिक बयान

बुधवार को जारी एक आधिकारिक बयान में, 14वें दलाई लामा ने घोषणा की कि दलाई लामा का कार्यालय, गादेन फोडरंग ट्रस्ट अकेले ही 15वें पुनर्जन्म की मान्यता पर निर्णय लेगा।

उत्तराखंड के टिहरी में बड़ा हादसा

उत्तराखंड में ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर जाजल फकोट के बीच एक ट्रक पलट गया। वाहन में 15 लोग सवार थे, जिनमें से एक की मौत हो गई है, जबकि चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

अचानक हो रही मौतों पर आया स्वास्थ्य मंत्रालय का बयान

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कोविड के बाद वयस्कों में अचानक होने वाली मौतों पर कहा कि @ICMRDELHI और एम्स द्वारा किए गए व्यापक अध्ययनों ने निर्णायक रूप से स्थापित किया है कि कोविड-19 टीकों और अचानक होने वाली मौतों के बीच कोई संबंध नहीं है। जीवनशैली और पहले से मौजूद स्थितियों को प्रमुख कारक माना गया है।

घाना के लिए रवाना हुए पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी घाना के लिए रवाना हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी घाना, त्रिनिदाद और टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राजील और नामीबिया सहित पांच देशों की यात्रा पर रवाना हुए। प्रधानमंत्री मोदी ब्राजील में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे।

हिमाचल: बाढ़ के कारण रोड जाम

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में पूबरानी झूला के पास बाढ़ के कारण NH-5 अवरुद्ध हो गया, जिससे पूह और काजा की ओर जाने वाला यातायात बाधित हो गया। BRO की टीमें मार्ग को बहाल करने के लिए मौके पर काम कर रही हैं।

गैंगरेप मामले के फैक्ट्स दबाने की कोशिश कर रही टीएमसी: दिलीप घोष

दक्षिण कोलकाता लॉ कॉलेज में गैंगरेप की घटना पर भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा कि तथ्य अभी भी सामने नहीं आ रहे हैं, और टीएमसी उन्हें दबाने की कोशिश कर रही है। टीएमसी के छात्र नेता ही दोषी हैं। वे 10-11 साल से लॉ कॉलेज में हैं। पास आउट होने के बाद भी वे वहां नेता हैं। घटना को सामने लाना तथ्य-खोजी समिति की जिम्मेदारी है। देश जानना चाहता है कि ऐसी घटना कैसे हुई?

पीएम मोदी के स्वागत को तैयार घाना

प्रधानमंत्री मोदी की घाना यात्रा पर भारतीय मूल के घानाई नागरिक मयंक सिंह ने कहा, "मैं पिछले 15 सालों से घाना में रह रहा हूं। कोई भारतीय प्रधानमंत्री 30 साल बाद घाना आ रहा है। हमें ऐसा लग रहा है जैसे हम किसी अपने का स्वागत करने जा रहे हैं। उन्होंने पिछले 11 सालों में भारत का विकास किया है, और उन्होंने वैश्विक मंच पर भारत का नाम भी ऊंचा किया है।"

इस साल की यात्रा पिछली यात्राओं से भी बेहतर होगी: उपराज्यपाल

अमरनाथ यात्रा के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाने के लिए पहुंचे जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा, "श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड ने यात्रा के लिए बेहतरीन व्यवस्थाएं की हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बलों ने भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। देशभर से श्रद्धालु यहां आए हैं। उत्साह बहुत अधिक है। भोलेनाथ के भक्त सभी आतंकी हमलों को दरकिनार कर भारी संख्या में यहां पहुंचे हैं। मुझे उम्मीद है कि इस साल की यात्रा पिछली यात्राओं से भी बेहतर होगी।

LG मनोज सिन्हा ने अमरनाथ यात्रियों के पहले जत्थे को दिखाई हरी झंडी

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार से शुरू हो रही श्री अमरनाथ यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाई।

अमरनाथ यात्रा को लेकर सुरक्षा चाक-चौबंद

श्री अमरनाथ यात्रा की शुरुआत होने के मद्देनजर जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-44 पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान लगातार गश्त करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

संबंधित खबरें

No stories found.
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com