10 राज्यों में तूफान का अलर्ट, 80 की रफ्तार से चलेंगी हवाएं! असम में बाढ़ जैसे हालात तो दिल्ली का पारा हाई
Today Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आज दिल्ली, यूपी और बिहार सहित 10 राज्यों में भीषण आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। जानें आपके राज्य में मौसम अपडेट।
- Written By: प्रतीक पाण्डेय
फोटो- AI
IMD Weather Alert: देश में एक तरफ जहां उत्तर भारत के कुछ हिस्से लू की चपेट में हैं, वहीं बिहार में 80 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। असम में बाढ़ से हालात बेदह खराब होते जा रहे हैं।
देश के मौसम में आज जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है। एक ओर जहां भीषण गर्मी लोगों को तपा रही है, वहीं दूसरी ओर आसमानी आफत का साया भी मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के भीतर 10 राज्यों में तूफानी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है, जिसमें विशेष रूप से पेड़ों के गिरने और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
बिहार-यूपी में ‘हवा का तांडव’ और भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में आज मौसम सबसे अधिक उग्र रह सकता है, जहां 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है। गया, पटना, पश्चिमी चंपारण और भागलपुर सहित दो दर्जन जिलों में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी दी गई है। वहीं, उत्तर प्रदेश के आगरा, मथुरा, कानपुर, लखनऊ और वाराणसी सहित कई जिलों में 60 से 65 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है।
सम्बंधित ख़बरें
Nagpur Weather: नागपुर में 45 डिग्री तक पहुंचेगा पारा, येलो अलर्ट जारी, जानें कैसा होगा आज का मौसम?
Maharashtra Weather: महाराष्ट्र के मौसम में भारी उलटफेर, 6 जिलों में बारिश का अलर्ट, जानें आपके शहर का मौसम
आज का मौसम: बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर, इन राज्यों में 70 KM की रफ्तार से तूफान और बारिश का अलर्ट जारी
Nagpur Weather: नागपुर में आज सूरज उगलेगा आग, पारा 45°C पहुंचने का अनुमान; मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
असम में बाढ़ का कहर, 23 हजार लोग प्रभावित
पूर्वोत्तर भारत में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। असम में लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात हैं, जिससे 23 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कछार और हैलाकांडी जैसे जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है, जबकि 20 अन्य जिलों में भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’ है।
दिल्ली-NCR में 41 डिग्री पारा, शाम को छाएंगे बादल
राजधानी दिल्ली में आज 16 मई को भीषण गर्मी का प्रकोप रहेगा। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है, हालांकि शाम के समय 30 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और काले बादल छा सकते हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2-3 दिनों में दिल्ली का पारा 43 डिग्री तक पहुंच जाएगा।
पहाड़ी राज्यों में बारिश और पंजाब-झारखंड में आंधी
पहाड़ों पर भी मौसम का मिजाज सख्त रहेगा। उत्तराखंड के नैनीताल, चमोली और हरिद्वार में भारी बारिश और 70 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी है। हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली और चंबा में भी भारी बारिश का अलर्ट है। मनाली में आज न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसके अलावा पंजाब और झारखंड के कई जिलों में 60 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें: 4 तारीख के बाद डीजे बजेगा…चुनावी भाषण में धमकी देना अभिषेक बनर्जी को पड़ा भारी, शाह को दी थी चुनौती, FIR दर्ज
मध्य प्रदेश-राजस्थान में ‘लू’ का प्रकोप
कुछ राज्यों में बारिश का अलर्ट है, मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड क्षेत्र में भीषण लू चलने की संभावना है, यहां तापमान 44 से 46 डिग्री तक पहुंच सकता है। राजस्थान के फलौदी में तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, और पश्चिमी राजस्थान में गर्मी और बढ़ने के आसार हैं।
केरल में मानसून की ‘अर्ली एंट्री’
एक राहत भरी खबर दक्षिण भारत से आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 26 मई को केरल में मानसून समय से पहले दस्तक दे सकता है। आमतौर पर मानसून 1 जून को पहुँचता है, लेकिन इस बार इसके चार दिन पहले आने की संभावना जताई गई है।
