सांकेतिक तस्वीर (Image- social Media)
Aaj Ka Mausam: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मार्च की शुरुआत के साथ ही कई राज्यों में गर्मी बढ़ने लगी है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने गुजरात और राजस्थान में अगले तीन दिनों के लिए लू (हीटवेव) का अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ इलाकों में तापमान में हल्की गिरावट भी देखी जा सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में ठंड लगभग खत्म हो चुकी है और रात में भी लोग पंखे चलाने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक मौसम लगभग ऐसा ही रहेगा। 9 मार्च तक आसमान साफ रहने की संभावना है और दिन के समय गर्मी में और बढ़ोतरी हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में भी तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है। खासकर लखनऊ में दिन के समय गर्मी ज्यादा महसूस की जा सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में तापमान तेजी से बढ़ सकता है।
बिहार में आने वाले दिनों में मौसम बदल सकता है। हालांकि आज पूरे राज्य में मौसम साफ रहने की संभावना है। लेकिन 9 से 11 मार्च के बीच कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसका असर पड़ोसी राज्य झारखंड में भी दिखेगा, जहां 7 से 10 मार्च तक बादल छाए रह सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश में आज से अगले तीन दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई जगहों पर बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है, जिससे ठंड में हल्की बढ़ोतरी होगी।
उत्तराखंड में भी 11 मार्च तक मौसम का असर रहने की संभावना है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी बढ़ सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
|---|---|---|
| दिल्ली | 35°C | 17°C |
| मुंबई | 34°C | 23°C |
| कोलकाता | 33°C | 22°C |
| चेन्नई | 34°C | 25°C |
| लखनऊ | 34°C | 19°C |
| पटना | 34°C | 25°C |
| रांची | 31°C | 18°C |
| भोपाल | 34°C | 17°C |
| जयपुर | 38°C | 20°C |
| शिमला | 24°C | 15°C |
| नैनीताल | 26°C | 11°C |
यह भी पढ़ें- Vidarbha Weather: विदर्भ में गर्मी का तांडव शुरू! अकोला-अमरावती 40 डिग्री के पार; नागपुर भी झुलसा
मार्च का पहला सप्ताह खत्म होने से पहले ही कई राज्यों में गर्मी का असर दिखने लगा है। महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और दक्षिण भारत के अन्य हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है।