Health Tips: मक्खन की तरह पिघलेगी पेट की चर्बी! गर्मियों की इस सब्जी में छिपा है वेट लॉस का राज

Ridge Gourd Benefits: गर्मियों के मौसम में शरीर को ठंडा और हाइड्रेटेड रखना बेहद जरूरी होता है। ऐसे में तुरई एक बेहतरीन सब्जी है जो विटामिन्स, मिनरल्स और फाइबर से भरपूर होती है।
Ridge Gourd Health Benefits
ताजी हरी तुरई (सौ. एआई)
Updated on

Healthy Digestion Tips: भीषण गर्मी और लू से बचने के लिए तुरई एक बेहतरीन प्राकृतिक विकल्प है। इस मौसम में यह सब्जी न केवल पाचन सुधारती है बल्कि शरीर को भीतर से ठंडा और हाइड्रेटेड रखती है।

जिस तरह गर्मी का पारा चढ़ रहा है वैसे-वैसे सेहत और खान-पान को लेकर चुनौतियां भी बढ़ने लगी हैं। चिलचिलाती धूप और बढ़ते तापमान के बीच शरीर को ठंडा रखना और पाचन तंत्र को दुरुस्त बनाए रखना एक बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञ एक ऐसी सब्जी के सेवन की सलाह दे रहे हैं जो अक्सर रसोई में उपेक्षित रहती है लेकिन इसके औषधीय गुण इसे गर्मियों का सुपरफूड बनाते हैं। हम बात कर रहे हैं तुरई की जिसे देश के कई हिस्सों में नेनुआ के नाम से भी जाना जाता है।

गर्मियों में बेहतरीन विकल्प

गर्मी के मौसम में होने वाली पाचन संबंधी समस्याओं और पोषक तत्वों की कमी को दूर करने के लिए तुरई एक प्राकृतिक और प्रभावी विकल्प है। इसमें पानी की मात्रा बहुत अधिक होती है जो तेज गर्मी के दौरान शरीर में पानी की कमी नहीं होने देती। पोषण के नजरिए से देखें तो तुरई में फाइबर, विटामिन सी, विटामिन ए, आयरन, कैल्शियम और पोटैशियम जैसे जरूरी तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। इसका फाइबर कंटेंट न केवल पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है बल्कि कब्ज, गैस और अपच जैसी पुरानी समस्याओं से भी राहत दिलाने में सहायक है।

आयुर्वेदिक महत्व

गर्मी के समय रोजाना तुरई के नियमित सेवन को स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी माना है। आयुर्वेद के अनुसार तुरई शरीर के पित्त दोष को संतुलित करने में मदद करती है। बढ़ती गर्मी के कारण शरीर में पित्त बढ़ जाता है जिससे पाचन कमजोर हो जाता है। ऐसे में तुरई की हल्की और सुपाच्य प्रकृति शरीर को ठंडक प्रदान करती है और लू लगने के खतरे को कम करती है। इतना ही नहीं यह सांस संबंधी रोगों, बुखार, खांसी और पेट के कीड़ों को दूर करने में भी अपनी औषधीय भूमिका निभाती है।

स्किन के लिए फायदेमंद

अक्सर गर्मियों में लोगों को फुंसी, रैशेज और खुजली जैसी त्वचा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। तुरई में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स इन समस्याओं से लड़ने में मदद करते हैं और त्वचा को स्वस्थ व चमकदार बनाए रखते हैं।

बनाने में आसान

तुरई एक ऐसी सब्जी है जो बेहद सस्ती और आसानी से उपलब्ध हो जाती है। इसे बनाने के कई तरीके हैं। इसे चने की दाल, आलू या सादा राई के तड़के के साथ बनाया जा सकता है। कुछ लोग इसे दही के साथ मिलाकर खाना भी पसंद करते हैं जो इसकी तासीर को और भी ठंडा बना देता है। इसे दिन के भोजन या रात के खाने दोनों समय शामिल किया जा सकता है जो पूरे परिवार के लिए फायदेमंद साबित होता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com