

Faridabad Borewell Incident: हरियाणा के फरीदाबाद के सीही गांव में खेलते समय लगभग 200 फीट गहरे बोरवेल में गिरी तीन साल की बच्ची को सोमवार सुबह बाहर निकाला गया। जिसके बाद बच्ची को हॉस्पिटल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया है। दरअसल नेहा नाम की बच्ची रविवार शाम को बोरवेल के पास दूसरे बच्चों के साथ खेल रही थी। पास ही एक ट्रैक्टर खड़ा था और खेलते-खेलते बच्चे उस पर चढ़ गए थे। बताया जा रहा है कि नेहा ट्रैक्टर से फिसलकर बोरवेल में गिर गई।
बच्ची को बचाने के लिए लगभग 10 घंटे ऑपरेशन चला जिसके बाद सोमवार की सुबह 4 बजे नेहा को बोरवेल से बाहर निकाला गया और एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने कहा कि बच्ची के शव को मुर्दाघर में रखवा दिया है। मौत की सही वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम किया जाएगा।
बच्ची को बचाने के लिए हरियाणा पुलिस, स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF), नेशनल डिज़ास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF), म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन और हेल्थ डिपार्टमेंट की टीमों ने मौके पर काम किया। NDRF के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें रविवार रात करीब 8 बजे बच्ची के बोरवेल में गिरने की सूचना मिली थी और वे तुरंत मौके पर पहुंचे। शुरुआत में रेस्क्यू टीम को बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दे रही थी, लेकिन कुछ देर बाद वह बंद हो गई।
पुलिस ने बताया कि फरीदाबाद के सीही गांव में खेलते समय लगभग 200 फुट गहरे बोरवेल में बच्ची गिरी। NDRF के डिप्टी कमांडेंट कुणाल तिवारी ने कहा कि यह घटना शाम करीब 6 बजे हुई और हमारे कंट्रोल रूम को इसके बारे में शाम 7.45 बजे जानकारी मिली। हमारी टीम रात 9.05 बजे मौके पर पहुंची और बाकी टीमों के साथ मिलकर जॉइंट ऑपरेशन चलाया। हमने सुबह 3.50 बजे लड़की को सुरक्षित बाहर निकाला और उसे इलाज के लिए भेज दिया।
बोरवेल में गिरी तीन साल की बच्ची की मां ने बताया कि मैं चाय बनाने गई थी और जब तक मैं वापस लौटी तो मुझे पता चला कि बच्ची बोरवेल में गिर गई है। मैं वहां पहुंची और कोशिश की मगर नहीं निकल पाई। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और निगर निकाय पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बच्ची के परिवार को रो-रोकर बुरा हाल है।