पुलिस की छापेमारी के बाद पार्टी से निकलतीं युवतियां।
Ahmedabad High Profile Party Busted : गुजरात में शराबबंदी का कानून कागजों पर कितना ही सख्त क्यों न हो, लेकिन रसूखदारों की बंद कमरों वाली पार्टियों में इसकी धज्जियां उड़ने के मामले अक्सर सामने आते रहते हैं। ताजा मामला अहमदाबाद के सानंद क्षेत्र का है, जहां निर्वाणा ग्रीन्स वीकेंड होम्स में चल रही एक आलीशान पार्टी उस वक्त मातम में बदल गई, जब पुलिस ने वहां धावा बोल दिया।
मौका था एक दंपति की 25वीं मैरिज एनिवर्सिरी का। जश्न को यादगार बनाने के लिए किसी शाही शादी जैसा तामझाम किया गया था। सजावट से लेकर खाने के मेन्यू तक, सब कुछ क्लास को दर्शाता था। 11 स्पेशल टेबल सिर्फ केक सर्व करने के लिए लगाई गई थीं। लेकिन जैसे ही सानंद पुलिस अंदर दाखिल हुई, वहां मौजूद 81 मेहमानों के चेहरों की रंगत उड़ गई। म्यूजिक बंद हो गया और जो हाथ जाम उठा रहे थे, वे अब खुद को छिपाने की कोशिश करने लगे।
गुजरात पुलिस ने मौके से 20 से ज्यादा कीमती गाड़ियां जब्त की हैं। छापेमारी के दौरान न केवल भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई, बल्कि 10 से ज्यादा हुक्का पाइप भी मिले। इस पार्टी में शहर के नामचीन बिल्डर्स, जाने-माने डॉक्टर और रियल एस्टेट के दिग्गज शामिल थे।
पुलिस ने कुल 81 लोगों को हिरासत में लिया। इनमें 43 पुरुष और 38 महिलाएं हैं। पुरुषों को मेडिकल टेस्ट के लिए अस्पताल भेजा गया। महिलाओं को कानूनी गाइडलाइंस के तहत नोटिस देकर घर जाने दिया गया। इन सभी ने प्रदेश में दोबारा कोई शराब पार्टी में नहीं शामिल होने की बात कही है। पार्टी के मेहमानों की औसत आयु 35 से 45 वर्ष थी।
ऐसा काम मत करो कि चेहरा छिपाना पड़े…
हम अक्सर यह बात अपने बड़ों से सुनते हैं।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक-एक कर महिलाएं बस से उतरकर पुलिस थाने की ओर जा रही हैं और सभी अपना चेहरा छिपाए हुए हैं, ताकि उनकी पहचान सामने न आ सके।
इसी मामले से जुड़ा एक वीडियो पुरुषों का भी… pic.twitter.com/bzv3xta2sT — Arvind Chotia (@arvindchotia) February 5, 2026
यह भी पढ़ें : हर 11 में से एक मौत की वजह सिर्फ ‘शराब’! WHO ने जारी किए मौत के चौंकाने वाले आंकड़े
देर रात तक सानंद पुलिस स्टेशन में प्रभावशाली परिवारों का हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा, लेकिन पुलिस ने झुकने से इनकार कर दिया। सबसे बड़ा सवाल है कि कड़े पहरे के बावजूद अहमदाबाद के बीचों-बीच इतनी बड़ी मात्रा में विदेशी शराब पहुंची कैसी? पुलिस अब सप्लाई चेन की पड़ताल कर रही। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि वीकेंड होम्स के नाम पर चलने वाले इन अवैध अड्डों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। प्रोहिबिशन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।