अहमदाबाद में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 8 लोगों की जलकर मौत, 15 से अधिक घायल
Mahmudpura Fire: अहमदाबाद के महमूदपुरा स्थित पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक घायल हुए हैं। धमाके के बाद फैक्ट्री पूरी तरह आग की चपेट में आ गई।
- Written By: अर्पित शुक्ला
अहमदाबाद में पटाखा फैक्ट्री में धमाका(Image- Social Media)
Ahmedabad Fire:गुजरात के अहमदाबाद जिले के महमूदपुरा इलाके में शनिवार दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, वस्त्राल क्षेत्र के रामोल-गतराद रोड स्थित महमूदपुरा टैलेंट फायरवर्क्स फैक्ट्री में शनिवार दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में पटाखे रखे होने के कारण तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।
मौके पर ही 8 लोगों की मौत
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री का संचालन मेहुल डोडिया नामक व्यक्ति करता था। आग और विस्फोट की चपेट में आने से 8 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों और राहत टीमों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
सम्बंधित ख़बरें
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन पर बड़ा अपडेट: 2027 में शुरू होगा पहला सेक्शन, जापान से मिलेगी E20 ट्रेन
गुजरात ATS का बड़ा एक्शन, जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 5 और आरोपी गिरफ्तार, जांच तेज
गुजरात के कच्छ में भूकंप से दहशत, 3 मिनट में दो बार कांपी धरती, मची अफरा-तफरी
अयोध्या के बाद अंबाजी मंदिर में दान की चोरी, CCTV ने खोली पोल; प्रशासन ने उठाया ऐतिहासिक कदम, देखें VIDEO
PM मोदी ने जताया दुख
PM मोदी ने कहा कि गुजरात के अहमदाबाद में एक पटाखा कारखाने में हुई दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि के बारे में सुनकर मुझे अत्यंत दुख हुआ है। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू
हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत और बचाव अभियान पूरा कर लिया गया है, हालांकि अधिकारियों को आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
यह भी पढ़ें- कोटा के बॉयज हॉस्टल में घुसा 4 फीट लंबा मगरमच्छ, छात्रों में दहशत; VIDEO वायरल
महापौर और नगर आयुक्त पहुंचे घटनास्थल
हादसे की जानकारी मिलते ही अहमदाबाद के महापौर हितेश बारोट और नगर आयुक्त बच्छा निधि पानी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य का जायजा लिया। महापौर ने बताया कि घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि यह फैक्ट्री झोपड़ीनुमा ढांचे में संचालित हो रही थी, जिसकी वजह से आग तेजी से फैल गई।
