

Naveli Release Date: दिग्गज फिल्ममेकर आनंद एल राय एक बार फिर अपनी नई और अनोखी कहानी के साथ दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने के लिए तैयार हैं। कलर येलो और अमेजन एमजीएम स्टूडियो की आने वाली फिल्म 'नई नवेली' दशहरा के खास मौके से ठीक पहले 16 अक्टूबर 2026 को देशभर के बॉक्स ऑफिस पर दस्तक देने जा रही है।
पारिवारिक रिश्तों, एक्शन, सस्पेंस और कॉमेडी से भरपूर यह फिल्म हर उम्र के दर्शकों के लिए एक पूरे एंटरटेनर साबित होने वाली है। एक अनोखे परिवार की कहानी पर बनी यह फिल्म त्यौहार के माहौल में सिनेमा प्रेमियों को एक शानदार अनुभव देने का वादा करती है।
फिल्म में अहम भूमिका निभा रहीं एक्ट्रेस यामी गौतम की एक्टिंग और लगन की डायरेक्टर आनंद एल राय ने दिल खोलकर तारीफ की है। उन्होंने यामी को एक बेहतरीन स्टूडेंट और जबरदस्त फाइटर करार दिया। राय ने बताया कि सेट पर काम के प्रति यामी का समर्पण और सीखने की ललक देखने लायक थी।
उन्होंने यह भी कहा कि यामी का व्यक्तित्व ऐसा है जिससे बहुत कुछ सीखा जा सकता है। इस फिल्म में दर्शक यामी को एक बिल्कुल नए और अनोखे लुक में देखने वाले हैं, जो उनकी पिछली फिल्मों से काफी अलग होगा।
फिल्म नई नवेली में दिखाए गए सशक्त महिला पात्रों के बारे में बात करते हुए आनंद एल राय ने बताया कि ये रोल केवल कल्पना की देन नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी अपने घरों में मजबूत महिलाओं जैसे मां और पत्नी को देखकर बड़े हुए हैं, जिन्होंने हमेशा परिवार को एकजुट रखा।
हमारी पहचान को आकार देने वाली इन्हीं महिलाओं का प्रभाव इस फिल्म के पात्रों में साफ झलकता है। यह फिल्म एक तरह से हमारे आसपास की सभी महिलाओं की ताकत और उनकी विशिष्ट पहचान के प्रति आभार व्यक्त करने का एक जरिया है।
बालाजी मोहन के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म की कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। फिल्म में यामी गौतम के अलावा आदिनाथ एम कोठारे, सुनीता राजवार, मीता वशिष्ठ, सुस्मिता मुखर्जी और आदित्य कुलश्रेष्ठ जैसे कई बेहतरीन कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
जी. वी. प्रकाश कुमार के संगीत से सजी यह फिल्म सिनेमाघरों में दर्शकों को हंसी, रहस्य और ढेर सारे एक्शन का एक यादगार सफर कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।