पवन कल्याण और राशी खन्ना (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Ustaad Bhagat Singh Song: साउथ सुपरस्टार पवन कल्याण की बहुप्रतीक्षित फिल्म उस्ताद भगत सिंह इन दिनों काफी चर्चा में है। फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है और उगादी के मौके पर दर्शकों को एक बड़ा सिनेमाई तोहफा मिलने वाला है। ट्रेलर रिलीज से पहले मेकर्स ने फिल्म का धमाकेदार डांस ट्रैक ‘कॉलर ए एठारा’ जारी कर दिया है, जो रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया।
मेकर्स ने हाल ही में इस गाने का लिरिकल वीडियो रिलीज किया है, जिसमें फिल्म की कई झलकियां भी देखने को मिलती हैं। वीडियो में पवन कल्याण अपने खास अंदाज में नजर आ रहे हैं और उनका एनर्जी से भरपूर डांस फैंस को काफी पसंद आ रहा है। उनके साथ स्क्रीन पर एक्ट्रेस राशी खन्ना भी शानदार स्टेप्स करती दिखाई देती हैं। दोनों की केमिस्ट्री और जोश से भरपूर परफॉर्मेंस गाने को और भी खास बना रही है।
इस गाने का संगीत मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर देवी श्री प्रसाद ने तैयार किया है। वहीं इसे सिंगर राम मिरियाला ने अपनी आवाज दी है और गीतकार कसरला श्याम ने इसके बोल लिखे हैं। रिलीज के कुछ ही घंटों में गाने को लाखों व्यूज मिल चुके हैं और यह तेजी से ट्रेंड कर रहा है।
फिल्म की कहानी एक ऐसे युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने गुरु से गहराई से प्रभावित होता है। गुरु उसे भगत सिंह का नाम देते हैं और वह उन्हीं आदर्शों पर चलने की कोशिश करता है। कहानी में दिखाया गया है कि एक आदिवासी लड़का मजबूत नैतिक मूल्यों और साहस के साथ बड़ा होता है। अन्याय के खिलाफ खड़े होकर वह हर मुश्किल परिस्थिति में बुराई से लड़ने का संकल्प लेता है।
फिल्म का निर्देशन हरीश शंकर ने किया है। इसमें पवन कल्याण के अलावा श्रीलीला, राशि खन्ना, आशुतोष राणा, नवाब शाह, आर. पार्थिबन, राजीव कनकला, बीएस अविनाश, पोसानी कृष्णा मुरली और गौतमी जैसे कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
ये भी पढ़ें- मुंबई मेट्रो की Aqua Line में सफर करती दिखीं आलिया भट्ट की मां, साथ बैठे लोग भी नहीं पाए पहचान, देखें VIDEO
पहले इस फिल्म की रिलीज डेट 26 मार्च 2026 तय की गई थी, लेकिन बाद में इसे आगे बढ़ाकर 19 मार्च कर दिया गया। अब बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला धुरधंर 2 से होने वाला है, जो उसी दिन रिलीज हो रही है।
फिल्म को लेकर एक समय यह चर्चा भी थी कि यह थेरी की रीमेक है, लेकिन निर्देशक ने इन अफवाहों को खारिज कर दिया। सेंसर बोर्ड से फिल्म को UA सर्टिफिकेट मिल चुका है और इसका ट्रेलर 14 मार्च 2026 को रिलीज किया जाएगा।