उदित नारायण पर पहली पत्नी रंजना का गंभीर आरोप, बिना सहमति गर्भाशय निकलवाने की शिकायत दर्ज
Udit Narayan First Wife Ranjana Complaint: उदित नारायण की पहली पत्नी रंजना ने सुपौल महिला थाने में गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि इलाज के बहाने बिना सहमति उनका गर्भाशय निकलवा दिया गया।
- Written By: सोनाली झा
उदित नारायण और रंजना नारायण झा (फोटो- सोशल मीडिया)
Udit Narayan Controversy: बॉलीवुड के चर्चित प्लेबैक सिंगर उदित नारायण एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनकी पहली पत्नी रंजना ने बिहार के सुपौल जिले के महिला पुलिस थाने में एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। रंजना का दावा है कि मेडिकल इलाज के बहाने उनकी जानकारी और सहमति के बिना उनका गर्भाशय निकलवा दिया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रंजना मंगलवार को अपने वकील करुणाकांत झा के साथ महिला थाने पहुंचीं और लिखित आवेदन सौंपा। शिकायत में उन्होंने उदित नारायण, उनके दो भाइयों संजय कुमार झा और ललित नारायण झा, तथा उनकी दूसरी पत्नी दीपा नारायण पर आपराधिक साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। रंजना ने अपने आवेदन में बताया कि उनका विवाह 7 दिसंबर 1984 को हिंदू रीति-रिवाज से उदित नारायण के साथ हुआ था।
रंजना का गंभीर आरोप
रंजना का आरोप है कि 1985 में उदित नारायण सिंगिंग करियर बनाने मुंबई चले गए और बाद में मीडिया के जरिए उन्हें पता चला कि उन्होंने दीपा नारायण से दूसरी शादी कर ली है। रंजना का कहना है कि जब भी उन्होंने इस बारे में सवाल किया, उन्हें गुमराह किया गया। सबसे गंभीर आरोप 1996 की एक घटना से जुड़ा है। रंजना के मुताबिक, उदित नारायण और उनके भाई इलाज के बहाने उन्हें दिल्ली के एक बड़े अस्पताल ले गए, जहां बिना उनकी जानकारी और सहमति के उनका यूट्रस निकाल दिया गया।
सम्बंधित ख़बरें
सलमान खान की क्रिएटिविटी का खुला राज, ‘दबंग 3’ के डायलॉग्स और वन-लाइनर्स खुद करते थे इम्प्रोवाइज
‘वेलकम टू द जंगल’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, छठे दिन 85 करोड़ के पार पहुंचकर बनाए 6 बड़े रिकॉर्ड
Kriti Sanon Relationship: कृति सेनन ने कबीर बहिया संग शेयर की रोमांटिक तस्वीर, ब्रेकअप की अफवाहों पर लगा विराम
Shilpa Shirodkar Reveals: सिर्फ दो मेकअप रूम थे, करिश्मा कपूर के फैसले ने जीत लिया था शिल्पा शिरोडकर का दिल
मानसिक रूप से टूट गई थी रंजना
रंजना ने यह भी दावा किया कि उस समय दीपा नारायण अस्पताल में मौजूद थीं। रंजना का कहना है कि उन्हें इस सर्जरी की जानकारी कई साल बाद अन्य मेडिकल जांच के दौरान हुई, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गईं। उन्होंने 2006 में मुंबई और नेपाल स्थित ससुराल में कथित दुर्व्यवहार और उपेक्षा के आरोप भी लगाए हैं। रंजना का कहना है कि वह लंबे समय से न्याय की मांग कर रही हैं।
पुलिस सभी आरोपों की कर रही हैं जांच
रंजना पहले भी फैमिली कोर्ट और महिला आयोग में शिकायत दर्ज करा चुकी हैं। महिला थाने की प्रभारी अंजू तिवारी ने पुष्टि की है कि शिकायत प्राप्त हो गई है। उन्होंने बताया कि मामला कई दशक पुराना है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की सत्यता की जांच कर रही है।
