यश के ‘टॉक्सिक’ इवेंट में मची अफरा-तफरी, साउंड बॉक्स गिरने से 2 छात्र घायल, 1 बेहोश देखें वीडियो

Toxic Event Accident: साउथ सुपरस्टार यश की फिल्म 'टॉक्सिक' के हैदराबाद इवेंट में भारी भीड़ के कारण बड़ा हादसा हो गया। खंभे पर चढ़ने से साउंड सेटअप गिर गया, जिसमें 2 छात्र घायल और 1 छात्रा बेहोश हो गई।
Toxic Event Accident
फिल्म 'टॉक्सिक' (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Toxic Pre Release Event: कन्नड़ सिनेमा के सुपरस्टार यश की आने वाली फिल्म 'टॉक्सिक' को लेकर दर्शकों के बीच क्रेज देखा जा रहा है। फिल्म की रिलीज से ठीक पहले हैदराबाद की मल्ला रेड्डी यूनिवर्सिटी में एक भव्य प्री-रिलीज कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस खास मौके पर अपने पसंदीदा सितारे की एक झलक पाने के लिए हजारों की संख्या में फैंस और छात्र इकठ्ठा हुए थे। हालांकि, इस भारी-भरकम भीड़ और फैंस के बेकाबू क्रेज के कारण इवेंट पर एक अनहोनी घटना घट गई। मंच के पास लगा एक बड़ा साउंड-बॉक्स सेटअप अचानक गिर पड़ा, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

भीड़ के बेकाबू होने से हुआ बड़ा हादसा

इवेंट के दौरान अपने चहेते एक्टर को देखने की होड़ में फैंस का हुजूम स्टेज के बेहद करीब पहुंच गया था। सुरक्षा चिंताओं के बावजूद कई उत्साही छात्र साउंड सिस्टम और लाइटों को सहारा देने वाले खंभों यानी पोल पर चढ़ने लगे। ज्यादा भार और बैलेंस बिगड़ने की वजह से भारी-भरकम साउंड-बॉक्स का पूरा ढांचा सीधे नीचे खड़े लोगों पर आ गिरा। इस अप्रत्याशित हादसे में दो छात्र गंभीर रूप से चोटिल हो गए, जबकि एक छात्रा घबराहट और अव्यवस्था के कारण मौके पर ही बेहोश हो गई।

यश ने संवेदनशीलता दिखाते हुए रोकी स्पीच

जिस समय यह हादसा हुआ, एक्टर यश मंच से अपनी बात रख रहे थे। अचानक हुए इस घटनाक्रम और चीख-पुकार को देखते ही उन्होंने फौरन अपनी स्पीच बीच में ही रोक दी। यश ने मंच से ही माइक पर छात्रों से शांत रहने और सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने आयोजकों और सुरक्षाकर्मियों से घायलों की स्थिति का जायजा लेने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने पोल पर चढ़े अन्य युवाओं से तुरंत नीचे उतरने का अनुरोध किया। स्थिति कंट्रोल में आने और घायलों को सहायता मिलने के बाद ही उन्होंने अपना संबोधन आगे बढ़ाया।

घायलों को तत्काल पहुंचाया गया अस्पताल

घटना के फौरन बाद पुलिस और आयोजकों की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया। चोटिल हुए छात्रों को फर्स्टएड देने के साथ ही एम्बुलेंस के जरिए पास के हॉस्पिटल पहुंचाया गया। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने पहले ही भारी भीड़ को देखते हुए लोगों से पीछे हटने की अपील की थी, ताकि भगदड़ जैसी स्थिति से बचा जा सके। फिलहाल अस्पताल में भर्ती छात्रों का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

Toxic Event Accident
‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ के कार्तिक ने की सगाई, कौन हैं तमन्ना? देखें तस्वीरें...

26 अगस्त को सिनेमाघरों में आ रही फिल्म

गीतू मोहनदास के डायरेक्शन में बनी एक्शन-ड्रामा फिल्म 'टॉक्सिक' को लेकर सिनेप्रेमी काफी समय से इंतजार कर रहे हैं। इस फिल्म में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी और तारा सुतारिया जैसे बड़े सितारे मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com