‘बंटवारा 1947’ का ट्रेलर इस दिन होगा रिलीज, जयपुर के आइकॉनिक राज मंदिर थिएटर में होगा ग्रैंड लॉन्च
Batwara 1947 Trailer: सनी देओल की बंटवारा 1947 का ट्रेलर 28 जुलाई को जयपुर के प्रतिष्ठित राज मंदिर थिएटर में लॉन्च होगा। अगले दिन मुंबई में भी ग्रैंड इवेंट रखा जाएगा। यह फिल्म 14 अगस्त को रिलीज होगी।
- Written By: सोनाली झा
बंटवारा 1947 का ट्रेलर (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Batwara 1947 Trailer Releas Date: सनी देओल की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। फिल्म की रिलीज में अब तीन हफ्ते से भी कम समय बचा है, ऐसे में मेकर्स ने इसके प्रमोशन को तेज कर दिया है। लंबे समय से फैंस ट्रेलर रिलीज का इंतजार कर रहे थे और अब उनकी यह इंतजार खत्म होने वाला है।
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, ‘बंटवारा 1947’ का ट्रेलर 28 जुलाई को जयपुर के मशहूर राज मंदिर सिंगल स्क्रीन थिएटर में लॉन्च किया जाएगा। इस खास इवेंट में मीडिया के साथ-साथ बड़ी संख्या में फैंस भी शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि इस मौके पर फिल्म के लीड स्टार सनी देओल और निर्देशक राजकुमार संतोषी भी मौजूद रहेंगे।
मुंबई में भी होगा ग्रैंड इवेंट
राज मंदिर थिएटर देश के सबसे प्रतिष्ठित सिनेमाघरों में गिना जाता है। जयपुर में ट्रेलर लॉन्च के अगले दिन यानी 29 जुलाई को मुंबई में भी एक भव्य इवेंट आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में फिल्म की पूरी टीम के साथ मीडिया और इंडस्ट्री से जुड़े कई लोग शामिल हो सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म के निर्माता आमिर खान के भी इस कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना है।
सम्बंधित ख़बरें
‘दिल की तन्हाई’ के 30 साल पूरे, अनु मलिक ने शाहरुख खान की तारीफ में कही दिल छू लेने वाली बात
क्या ‘द अलायंस’ में शामिल होंगे मौनी रॉय, अविनाश मिश्रा और निमृत? नए प्रोमो ने बढ़ाई बेचैनी
Amaal Mallik: पोस्ट डिलीट करने के बाद भी अपने आरोपों पर कायम अमाल, बोले- बेटा मुझसे तो औकात में ही रहना
‘लोग चाहते हैं मैं दुखी रहूं…’ अली गोनी से शादी के सवाल पर भड़कीं जैस्मिन भसीन, दिया करारा जवाब
सनी देओल के लिए लकी चार्म है राज मंदिर
राज मंदिर थिएटर का सनी देओल के साथ खास रिश्ता भी माना जाता है। इससे पहले अभिनेता ने ‘गदर: एक प्रेम कथा’ की री-रिलीज और ‘गदर 2’ के प्रमोशन के दौरान भी इसी थिएटर का दौरा किया था। इसके बाद वह अपनी फिल्म ‘जाट’ के प्रचार के लिए भी यहां पहुंचे थे। इन फिल्मों की सफलता के बाद फैंस और ट्रेड सर्कल में राज मंदिर को सनी देओल का ‘लकी चार्म’ भी कहा जाने लगा है।
बंटवारे के दर्द को दिखाएगी फिल्म
राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी ‘बंटवारा 1947’ भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसकी कहानी एक मुस्लिम परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो लखनऊ से लाहौर पहुंचता है। वहां उनका सामना एक ऐसी हिंदू बुजुर्ग महिला से होता है, जो अपनी पुश्तैनी हवेली छोड़ने से साफ इनकार कर देती है। इसके बाद दोनों के बीच बनने वाला मानवीय रिश्ता फिल्म का सबसे इमोशनल पहलू बनता है।
बंटवारा 1947 के स्टार कास्ट
फिल्म में सनी देओल, प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल, करण देओल और अभिमन्यु सिंह अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब सभी की नजर इसके ट्रेलर पर है, जिससे फिल्म की कहानी और भव्यता की पहली झलक सामने आएगी।
