भारत-पाक विभाजन की कहानी अब बिना बदलाव पहुंचेगी सिनेमाघरों तक, 'बंटवारा 1947' को सेंसर बोर्ड ने दी हरी झंडी

Batwara 1947 CBFC: सनी देओल और प्रीति जिंटा स्टारर 'बंटवारा 1947' को CBFC ने बिना किसी कट के मंजूरी दे दी है। यह फिल्म भारत के विभाजन पर आधारित है और 14 अगस्त को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Sunny Deol Preity Zinta Batwara 1947 CBFC Film Release Date
सनी देओल और प्रीति जिंटा की 'बंटवारा 1947 (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Sunny Deol Film Batwara 1947 CBFC: सनी देओल की फिल्म 'बंटवारा 1947' अपनी रिलीज से पहले लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म के पोस्टर, टीजर और गानों के बाद अब इससे जुड़ी एक बड़ी अपडेट सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने फिल्म को बिना किसी कट के मंजूरी दे दी है।

समाचार एजेंसी एएनआई के सूत्रों के अनुसार, 'बंटवारा 1947' को सेंसर बोर्ड ने बिना किसी सीन या डायलॉग में बदलाव किए हरी झंडी दे दी है। फिल्म भारत के विभाजन के दौर में इंसानी रिश्तों, दर्द, बिछड़न और उम्मीद की कहानी को बड़े पर्दे पर पेश करेगी। संवेदनशील विषय होने के बावजूद फिल्म को बिना कट मंजूरी मिलना इसकी कहानी और प्रस्तुति पर सेंसर बोर्ड के भरोसे को भी दर्शाता है।

प्रीति जिंटा की होगी दमदार वापसी

इस फिल्म की सबसे खास बात यह भी है कि इसके जरिए प्रीति जिंटा लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। फिल्म में उनके साथ सनी देओल, करण देओल, अली फज़ल, शबाना आज़मी, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिका कपूर जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी लाहौर में रहने वाले एक मुस्लिम परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। हालात तब बदल जाते हैं जब उनका सामना एक ऐसी हिंदू महिला से होता है, जो बंटवारे के बावजूद अपना पुश्तैनी घर छोड़ने से इनकार कर देती है।

राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी फिल्म

'बंटवारा 1947' का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक राजकुमार संतोषी ने किया है। फिल्म को आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। संगीत का जिम्मा ऑस्कर विजेता संगीतकार ए. आर. रहमान ने संभाला है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। फिल्म 14 अगस्त 2026 यानी पार्टिशन डे के मौके पर दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

सनी देओल की अगली फिल्म

मेकर्स को उम्मीद है कि विभाजन पर बनी यह इमोशनल कहानी दर्शकों के दिलों को छूने में कामयाब होगी। वर्कफ्रंट की बात करें तो सनी देओल हाल ही में ओटीटी फिल्म 'इक्का' में नजर आए हैं। वहीं 'बंटवारा 1947' के बाद वह निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' में भगवान हनुमान की भूमिका निभाते दिखाई देंगे। फिल्म का पहला भाग इसी साल दिवाली पर रिलीज होने वाला है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com