भगवान हनुमान पर टिप्पणी कर फंसे एसएस राजामौली, हिंदू सेना ने दिल्ली पुलिस में दर्ज कराई शिकायत

SS Rajamouli: राजामौली ने हाल में हनुमान जी पर टिप्पणी कर विवाद खड़ा कर दिया है। हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
भगवान हनुमान पर टिप्पणी कर फंसे एसएस राजामौली, हिंदू सेना ने दिल्ली पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
'मैं भगवान को नहीं मानता', एसएस राजामौली के बयान पर बवाल
Published on
Updated on

SS Rajamouli Hanuman Controversy: फिल्म निर्देशक एसएस राजामौली एक हालिया सार्वजनिक कार्यक्रम में भगवान हनुमान पर की गई अपनी टिप्पणी के चलते कानूनी पचड़े में फंसते नजर आ रहे हैं। उनके इस बयान को हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला मानते हुए, हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने दिल्ली पुलिस में उनके खिलाफ एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि राजामौली ने अपनी टिप्पणी से हिंदू धर्म की मान्यताओं और भगवान हनुमान के प्रति श्रद्धा का अपमान किया है, जिससे बड़े पैमाने पर धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

राजामौली ने क्या टिप्पणी की थी?

यह पूरा मामला 17 नवंबर को हैदराबाद में एसएस राजामौली की आगामी फिल्म 'वाराणसी' के ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान का है। इवेंट में तकनीकी खराबी के चलते देरी हुई, जिस पर फिल्म निर्देशक ने टिप्पणी की थी।

राजामौली ने कहा, "मैं भगवान को नहीं मानता, लेकिन तकनीकी दिक्कत पर मुझे अपने पिता की कही बात याद आई। पिताजी कहा करते थे कि जब भी मुझे परेशानी होगी, तब भगवान हनुमान तुम्हारी मदद करेंगे, लेकिन इस गड़बड़ी में क्या भगवान मदद करते हैं?" उन्होंने अपनी पत्नी के हनुमान भक्त होने का भी जिक्र करते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि अब देखना है कि क्या उनकी पत्नी के हनुमान इस बार उनकी मदद करेंगे।

हिंदू सेना ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

राजामौली का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और इसके तुरंत बाद उन्हें कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा। लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं का अपमान और हनुमानजी के प्रति श्रद्धा को ठेस पहुंचाने वाला बताया।

हिंदू सेना ने इस टिप्पणी को गंभीरता से लिया। विष्णु गुप्ता ने अपनी शिकायत में लिखा है कि वह भगवान हनुमान के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा को लेकर राजामौली की टिप्पणी से बहुत आहत हुए हैं। उन्होंने दिल्ली पुलिस से इस मामले की तुरंत जांच करने की मांग की है। गुप्ता का कहना है कि राजामौली की यह टिप्पणी न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती है, बल्कि इससे सामाजिक और सामुदायिक सद्भाव में भी खलल पड़ सकता है।

विष्णु गुप्ता ने पुलिस से अपील की है कि वह इस मामले में तुरंत कार्रवाई करें और भविष्य में ऐसे मामलों को रोकने के लिए कड़े नियम लागू करें। 'बाहुबली' और 'आरआरआर' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में देने वाले राजामौली अपने भव्य सेट और दमदार विजुअल्स के लिए जाने जाते हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com