

Highlights
सोनू सूद ने 15 नवंबर 2026 को जुहू बीच पर छठ पूजा में शामिल होने का ऐलान किया है।
एक्टर ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर श्रद्धालुओं को न्योता दिया।
जुहू बीच पर होटल पाम ग्रोव के पीछे छठ पूजा का आयोजन होगा।
Sonu Sood Juhu Beach Chhath Puja: मुंबई में छठ पूजा को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की ओर से समुद्र किनारों पर छठ पूजा के आयोजन का विरोध किए जाने के बाद अब बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि वह इस साल मुंबई के जुहू बीच पर होने वाले छठ पूजा के आयोजन में शामिल होंगे। एक्टर ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर श्रद्धालुओं को भी इस महापर्व का हिस्सा बनने का न्योता दिया है।
सोनू सूद ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर कर छठ पूजा को लेकर अपनी योजना बताई। एक्टर के मुताबिक, वह 15 नवंबर 2026 की शाम को मुंबई के प्रसिद्ध जुहू बीच पर छठ पूजा के आयोजन में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम होटल पाम ग्रोव के पीछे आयोजित किया जाएगा। सोनू सूद ने इस मौके पर सभी श्रद्धालुओं को आमंत्रित करते हुए छठ महापर्व का हिस्सा बनने की अपील की है। उनका यह ऐलान ऐसे समय में आया है, जब मुंबई के समुद्री तटों पर छठ पूजा के आयोजन को लेकर राजनीतिक बहस छिड़ी हुई है।
दरअसल, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने मुंबई के समुद्र किनारों पर छठ पूजा मनाने का विरोध किया है। पार्टी का कहना है कि समुद्र तटों की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने के लिए इस तरह के आयोजनों पर रोक लगनी चाहिए। मनसे की ओर से इन स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। हर साल मुंबई में बड़ी संख्या में श्रद्धालु समुद्र किनारे छठ पूजा करते हैं। ऐसे में इस बार मनसे के विरोध के बाद आयोजकों और राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।
मनसे के इस रुख का भाजपा ने विरोध किया है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि राज ठाकरे की पार्टी अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के लिए सनातन धर्म के पवित्र त्योहारों को निशाना बना रही है। इस मुद्दे पर अन्य राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। फिलहाल छठ पूजा को लेकर मुंबई की राजनीति गरमाई हुई है। अब सोनू सूद के जुहू बीच पर पूजा में शामिल होने के ऐलान के बाद यह मामला और चर्चा में आ गया है।