जावेद अख्तर के रिक्रिएट गानों के बयान पर सोनू निगम ने तोड़ी चुप्पी, बताया क्यों बना ‘मिट्टी के बेटे’

Sonu Nigam Instagram Post: सोनू निगम ने ‘बॉर्डर-2’ में तीन गानों से फिर दिल जीता है और साथ ही जावेद अख्तर के गाने रिक्रिएट करने वाले बयान पर अपनी राय साझा की है। ऐसे में चलिए जानते हैं क्या कहा।
Javed Akhtar On Border 2 Songs
जावेद अख्तर, सोनू निगम (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Javed Akhtar On Border 2 Songs: हिंदी सिनेमा को अपनी आवाज से समृद्ध करने वाले सोनू निगम, जिन्होंने अब तक 700 से ज्यादा गानों में जान फूंकी है, एक बार फिर देशभक्ति के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘बॉर्डर-2’ के गानों में सोनू निगम की भावनाओं से भरी आवाज ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। फिल्म में कुल 7 गाने शामिल हैं, जिनमें से 3 गाने सोनू निगम ने गाए हैं।

सोनू निगम ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने ‘बॉर्डर’ से जुड़े अपने सफर को याद किया। वीडियो में सोनू खुद को बेहद खुशकिस्मत बताते हुए कहते हैं कि साल 1997 में आई फिल्म ‘बॉर्डर’ में उन्हें गाने का मौका मिला था और अब करीब 29 साल बाद उसी फ्रेंचाइज़ी की अगली फिल्म ‘बॉर्डर-2’ में भी वह अपनी आवाज दे पाए हैं।

सोनू ने वीडियो में कहा, “1997 में मैं पहली बार ‘बॉर्डर’ के प्रीमियर में गया था और आज दोबारा इस फिल्म के प्रीमियर में शामिल हुआ हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह जर्नी इतनी खूबसूरत और इतनी लंबी होगी।”

‘बॉर्डर सिर्फ फिल्म नहीं, एक भावना है’

सोनू निगम के मुताबिक, ‘बॉर्डर’ सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि देशभक्ति की सच्ची भावना है। उन्होंने कहा कि फिल्म में उन वास्तविक घटनाओं को उसी ईमानदारी और जोश के साथ दिखाने की कोशिश की गई है, जैसा युद्ध के मैदान में देखने को मिलता है।

उन्होंने आगे बताया कि फिल्म के निर्माता से लेकर कलाकारों और म्यूजिक टीम तक, सभी ने मिलकर यह सुनिश्चित किया कि ‘बॉर्डर’ की आत्मा को बरकरार रखा जाए। खासतौर पर फिल्म के आइकॉनिक गानों को उसी सम्मान के साथ पेश किया गया है।

जावेद अख्तर के बयान पर सोनू निगम की प्रतिक्रिया

हाल ही में गीतकार जावेद अख्तर ने पुराने गानों को रिक्रिएट करने को लेकर अपनी राय रखी थी। इस पर सोनू निगम ने भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि जावेद साहब की बात बिल्कुल सही है कि पुराने गानों को दोबारा बनाना आसान नहीं होता और कई बार यह सही भी नहीं लगता।

हालांकि, सोनू ने यह भी जोड़ा कि अगर ‘बॉर्डर’ एक फौजी है, तो ‘संदेशे आते हैं’ उसकी वर्दी की तरह है। इस गाने के बिना ‘बॉर्डर’ की कल्पना ही अधूरी है। सोनू निगम ने जावेद अख्तर को अपना गुरु बताते हुए कहा कि फिल्म में नए गानों की भी जरूरत थी, इसी सोच के साथ ‘मिट्टी के बेटे’ जैसा नया देशभक्ति गीत फिल्म और देश के लिए एक खास तोहफा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com