सुशांत सिंह की पुण्यतिथि पर बहन श्वेता हुई भावुक, बोलीं- इंसाफ की राह लंबी हो सकती है, लेकिन...

सुशांत सिंह राजपूत की पांचवीं पुण्यतिथि के मौके पर उनकी बहन श्वेता सिंह ने एक भावुक वीडियो शेयर किया। इसमें उन्होंने ना सिर्फ सुशांत के विचारों और उनके जिंदादिल स्वभाव को याद किया बल्कि फैंस से एक खास अपील भी की।
सुशांत सिंह की पुण्यतिथि पर बहन श्वेता भावुक, बोलीं- इंसाफ की राह लंबी हो सकती है, लेकिन...
सुशांत सिंह की पुण्यतिथि पर बहन श्वेता हुई भावुक
Published on: 
Updated on: 

मुंबई: अभिनेता सुशांत सिंह की 5वीं पुण्यतिथि आज यानी 14 जून को मनाई जा रही है। इसी दिन वह साल 2020 में दुनिया को अलविदा कह गए थे। सुशांत की असमय मौत ने जहां बॉलीवुड को झकझोर कर रख दिया था, वहीं आम लोगों के दिलों में भी गहरी छाप छोड़ी। उनकी पांचवीं पुण्यतिथि पर बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने एक भावुक पोस्ट शेयर कर भाई को याद किया।

श्वेता ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि सुशांत सिर्फ एक अभिनेता नहीं थे, बल्कि वह एक विचार थे। उन्होंने कहा कि वह जीवन, ज्ञान और प्रेम में विश्वास रखने वाला एक ऐसा इंसान था, जिसकी मासूमियत, जिज्ञासा और इंसानियत आज भी प्रेरणा देती है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि सुशांत की याद को नफरत या नेगेटिविटी फैलाने का माध्यम न बनाएं।

श्वेता ने आगे कहा कि जब भी हम किसी की मदद करते हैं, जब बिना किसी शर्त के किसी को अपनाते हैं, या जब हम नया कुछ सीखने की कोशिश करते हैं, तब-तब सुशांत हमारे बीच जीवित रहता है। उन्होंने अपने संदेश में ये भी बताया कि सीबीआई ने इस मामले में अपनी रिपोर्ट कोर्ट को सौंप दी है और अब परिवार कानूनी प्रक्रिया के तहत उस तक पहुंचने का प्रयास कर रहा है।

भावुक श्वेता ने यह भी कहा कि इंसाफ की राह चाहे जितनी भी लंबी क्यों न हो, हमें विश्वास और उम्मीद का साथ नहीं छोड़ना चाहिए। वीडियो के साथ श्वेता ने कुछ पुरानी तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें सुशांत अपने पिता और बहन के साथ मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों ने एक बार फिर उनके चाहने वालों की आंखों को नम कर दिया। गौरतलब है कि श्वेता सिंह कीर्ति पिछले पांच वर्षों से सुशांत के लिए न्याय की मांग को लगातार उठाती आ रही हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com