पढ़ाई छोड़ी, घर से भागीं और स्टार बनीं, जानें ‘पंजाब की कैटरीना’ शहनाज गिल की फिल्मी जर्नी

Shehnaaz Gill Struggle Story: पढ़ाई छोड़ना, परिवार की नाराजगी और घर से निकलकर अकेले संघर्ष शहनाज गिल का सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं। शहनाज आज ‘पंजाब की कैटरीना’ के नाम से जानी जाती हैं।
Shehnaaz Gill Birthday special story career Journey
शहनाज गिल (फोटो क्रेडिट- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Shehnaaz Gill Birthday Special: हर सपने की एक कीमत होती है और शहनाज गिल ने अपने सपनों को पूरा करने के लिए वो कीमत पूरी हिम्मत से चुकाई। आज शहनाज गिल को ‘पंजाब की कैटरीना’ कहा जाता है, लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने का उनका सफर आसान नहीं रहा। पढ़ाई छोड़ने से लेकर परिवार की नाराजगी झेलने और अकेले संघर्ष करने तक, उनकी जिंदगी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है।

शहनाज गिल का जन्म पंजाब के जालंधर में हुआ। पढ़ाई के दौरान ही उन्हें मॉडलिंग का शौक लग गया था। डलहौजी के हिलटॉप स्कूल में पढ़ते वक्त उन्होंने छोटे-मोटे मॉडलिंग असाइनमेंट्स करने शुरू कर दिए। स्कूल खत्म होने के बाद उन्होंने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में बी.कॉम में दाखिला लिया, लेकिन मॉडलिंग के प्रति जुनून इतना बढ़ गया कि उन्होंने पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी। इस फैसले से उनका परिवार नाराज हो गया, खासकर उनके पिता, जो चाहते थे कि शहनाज पहले अपनी पढ़ाई पूरी करें।

शहनाज गिल का मॉडलिंग करियर

परिवार की असहमति के बावजूद शहनाज अपने फैसले पर अडिग रहीं। मॉडलिंग को लेकर घर में बढ़ते तनाव के चलते उन्होंने घर छोड़ने का कठिन फैसला लिया और मुंबई आ गईं। उस समय उनके पास न कोई बड़ा सहारा था और न ही इंडस्ट्री में कोई गॉडफादर। उन्होंने खुद से एक वादा किया था कि जब तक कुछ बड़ा हासिल नहीं कर लेंगी, तब तक घर वापस नहीं लौटेंगी।

पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में रखा कदम

साल 2015 में एक ब्यूटी कॉन्टेस्ट के जरिए शहनाज को पहला बड़ा ब्रेक मिला। इसके बाद उन्होंने पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा। ‘माझे दी जट्टी’, ‘पिंड दियां कुड़ियां’ और ‘येह बेबी रीमिक्स’ जैसे गानों ने उन्हें पंजाबी दर्शकों के बीच लोकप्रिय बना दिया। जल्द ही उन्हें पंजाबी फिल्मों में भी काम मिलने लगा और ‘सत श्री अकाल’ तथा ‘काला शाह काला’ जैसी फिल्मों में उनकी एक्टिंग को सराहा गया।

शहनाज गिल की जिंदगी

शहनाज की जिंदगी का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट ‘बिग बॉस 13’ साबित हुआ। शो में उनकी मासूमियत, बेबाक अंदाज और टूटी-फूटी अंग्रेजी ने उन्हें घर-घर में पहचान दिला दी। शो के दौरान सिद्धार्थ शुक्ला के साथ उनकी दोस्ती और बॉन्ड भी खूब चर्चा में रहा। हालांकि वह शो जीत नहीं पाईं, लेकिन लोकप्रियता के मामले में वह किसी विनर से कम नहीं रहीं। उन्होंने सलमान खान की फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया। हाल ही में वह फिल्म ‘थैंक यू फॉर कमिंग’ और पंजाबी फिल्म ‘इक कुड़ी’ को लेकर चर्चा में हैं।