Mannat Renovation Case:'मन्नत' के रेनोवेशन का रास्ता साफ! सुप्रीम कोर्ट ने शाहरुख खान को दी बड़ी राहत

Shah Rukh Khan Mannat Renovation Case: सुप्रीम कोर्ट ने शाहरुख खान के मुंबई स्थित बंगले 'मन्नत' के रेनोवेशन के खिलाफ दायर याचिका को खारिज कर दिया है, जिससे उनके घर के रेनोवेशन का रास्ता साफ हो गया है।
Shah Rukh Khan Mannat Renovation
शाहरुख खान (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Shah Rukh Khan Mannat Renovation: बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान और उनका आलीशान बंगला 'मन्नत' हमेशा ही सुर्खियों में रहते हैं। मुंबई के बांद्रा में समुद्र किनारे स्थित इस खूबसूरत आशियाने को देखने के लिए हर दिन हजारों फैंस की भीड़ जुटती है। हाल ही में यह बंगला कानूनी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया था, जब इसके रेनोवेशन को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक चुनौती दी गई। सुप्रीम कोर्ट ने अब इस पूरे मामले पर अपना रुख साफ करते हुए किंग खान और उनके परिवार को बड़ी राहत दी है।

दरअसल शाहरुख खान और गौरी खान अपने इस ऐतिहासिक बंगले में कुछ बदलाव और मरम्मत का काम करवाना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने स्थानीय प्रशासन से जरूरी मंजूरियां भी हासिल कर ली थीं। हालांकि, इस निर्माण कार्य के खिलाफ एक सामाजिक कार्यकर्ता ने नाराजगी जताई और कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। याचिकाकर्ता का मानना था कि इस रेनोवेशन से नियमों का उल्लंघन हो सकता है, इसलिए इस पर तुरंत रोक लगाई जानी चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ता की मंशा पर उठाए सवाल

इस संवेदनशील मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने याचिका को पूरी तरह से गैर-जरूरी पाया। कोर्ट ने न सिर्फ इस अर्जी को सिरे से खारिज किया, बल्कि याचिका दायर करने वाले व्यक्ति के इरादों यानी बोनाफाइड्स पर भी गंभीर संदेह व्यक्त किया।

खुद को सामाजिक कार्यकर्ता बताने वाले इस याचिकाकर्ता की दलीलों से माननीय कोर्ट बिल्कुल भी सहमत नहीं दिखा। सुप्रीम कोर्ट ने साफ कहा कि इस मामले में किसी भी तरह के कानूनी दख्लअंदाजी की कोई आवश्यकता नहीं है, क्योंकि रेनोवेशन को पहले ही नियम के अनुसार हरी झंडी मिल चुकी थी।

किंग खान के आलीशान आशियाने का रास्ता अब साफ

सुप्रीम कोर्ट के इस कड़े रुख के बाद अब मन्नत के रेनोवेशन का रास्ता पूरी तरह से साफ हो गया है। पहले जो मंजूरियां दी गई थीं, वे सभी पूरी तरह बरकरार रहेंगी और खान परिवार बिना किसी कानूनी अड़चन के अपने घर का रेनोवेशन करा सकेगा।

इस फैसले ने यह भी साफ कर दिया है कि पब्लिसिटी या बिना किसी पुख्ता आधार के दायर की गई जनहित याचिकाओं को कोर्ट बढ़ावा नहीं देगी। बांद्रा के समुद्र तट पर शान से खड़े शाहरुख खान के बंगले की खूबसूरती को संवारने का काम अब जल्द ही सही ढ़ंग से शुरू हो सकेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com