'मोटी थी, इसलिए मिला रोल... 'अक्षय कुमार की फिल्म को लेकर अंजलि आनंद का खुलासा

Anjali Anand Viral Statement: एक्ट्रेस अंजलि आनंद ने फिल्म इंडस्ट्री में प्लस-साइज कलाकारों के प्रति रूढ़िवादी सोच पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि उनकी एक्टिंग के बजाय सिर्फ उनके वजन को देखा जाता है।
Anjali Anand Akshay Kumar Film
अंजलि आनंद और अक्षय कुमार (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Anjali Anand Viral Statement Akshay Film: हाल ही में अपनी नई फिल्म 'धमाल 4' को लेकर चर्चाओं में आईं फेमस एक्ट्रेस अंजलि आनंद ने बॉलीवुड के इसी स्याह पक्ष को उजागर किया है। एक बातचीत के दौरान उन्होंने बेहद बेबाकी से बताया कि कैसे आज भी फिल्म इंडस्ट्री प्लस-साइज कलाकारों को एक खास ढर्रे में ही देखना पसंद करती है।

अंजली आनंद का यह बयान इस बात की गवाही देता है कि एक्टिंग की दुनिया में आज भी कलाकारों को उनके टैलेंट के बजाय उनके शरीर के वजन और आकार से तौला जाता है। अंजलि आनंद ने अपने करियर के अनुभवों को शेयर करते हुए एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि सुपरस्टार अक्षय कुमार की फेमस फिल्म बेल बॉटम में उन्हें सिर्फ इसलिए कास्ट किया गया था क्योंकि वह शारीरिक रूप से भारी-भरकम थीं।

अक्षय कुमार की फिल्म में कास्टिंग की हैरान करने वाली वजह

अक्षय कुमार की फेमस फिल्म बेल बॉटम में उनके रोल का मुख्य उद्देश्य केवल इतना था कि एक आतंकवादी को उन पर गिरना था ताकि उसे पकड़ा जा सके। अंजला आनंद ने बहुत ही भावुक होकर कहा कि जब लोग बड़े पर्दे पर सिर्फ उनकी शारीरिक बनावट का इस तरह मजाक उड़ाने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें बहुत ठेस पहुंचती है। फिल्म मेकर्स यह समझने की कोशिश भी नहीं करते कि सामने वाला एक बेहतरीन कलाकार भी हो सकता है।

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए अंजलि ने बॉलीवुड के तय पैमानों पर कड़ा तंज कसा। उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री की नजर में वह कभी भी उनके तय मानकों पर खरी नहीं उतर सकतीं। इस कड़वी सच्चाई को बयां करते हुए अंजली ने कहा कि इस इंडस्ट्री के आलोचक इतने क्रूर हैं कि उनके लिए तो दीपिका पादुकोण और ऐश्वर्या राय जैसी शीर्ष अभिनेत्रियां भी कभी पूरी तरह परफेक्ट नहीं रहीं।

उन्होंने आगे कहा कि इतना ही नहीं, इतिहास गवाह है कि शाहरुख खान और अभिनेता अमिताभ बच्चन जैसी दिग्गज हस्तियों को भी उनके शुरुआती दिनों में शारीरिक बनावट और लुक्स को लेकर भारी आलोचना का सामना करना पड़ा था। अंजलि के अनुसार ऐसे लोगों की राय से किसी का हुनर कभी नहीं बदलता।

करण जौहर की फिल्म और टाइपकास्ट होने का नया डर

अंजलि आनंद ने स्वीकार किया कि रणवीर सिंह की फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में उनके निभाए रोल ने समाज में फैले बॉडी शेमिंग के खिलाफ एक मजबूत आवाज उठाई थी। इस फिल्म से पहले सिनेमा में प्लस-साइज लड़कियों का रोल सिर्फ ढेर सारा खाना खाने या केवल हास्य पैदा करने तक ही सीमित रखा जाता था।

इस फिल्म ने इंडस्ट्री का नजरिया तो बदला लेकिन अंजलि आनंद के लिए एक नई चुनौती भी खड़ी कर दी। इस बेहतरीन एक्टिंग के बाद उन्हें डर सताने लगा कि अब उन्हें इसी खास तरह के रोल के लिए टाइपकास्ट कर दिया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com