‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ विवाद पर समीर वानखेड़े ने तोड़ी चुप्पी, बोले- परिवार को मिल रही हैं धमकियां

Sameer Wankhede News: हाल ही में एक इंटरव्यू में समीर वानखेड़े ने वेब सीरीज ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ के मानहानि केस पर बयान दिया और कहा कि अगर डिपार्टमेंट का मजाक उड़ाया जाएगा तो कौन राष्ट्र के लिए लड़ेगा।
sameer-wankhede-supreme-court-relief-cordelia-cruise-case
समीर वानखेड़े (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Bad Boys of Bollywood Controversy: आईआरएस अधिकारी समीर वानखेड़े ने हाल ही में दिल्ली हाईकोर्ट में वेब सीरीज ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ के खिलाफ 2 करोड़ रुपए की मानहानि का केस दर्ज कराया है। इस सीरीज को शाहरुख खान और गौरी खान की कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया है, जो नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। वानखेड़े का कहना है कि इस सीरीज ने उनकी और उनके परिवार की प्रतिष्ठा को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाया है।

दरअसल, मीडिया से बातचीत में समीर वानखेड़े ने कहा, “अगर अधिकारी या डिपार्टमेंट का मजाक उड़ाया जाएगा, तो कौन देश के लिए खड़ा होगा? हम राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित हैं, और हमारा अपमान बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।” उन्होंने आगे कहा, “अगर किसी को मजाक करना है, तो खुद पर करें या अपने परिवार पर करें, लेकिन उन लोगों का नहीं जो देश की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था के लिए काम करते हैं।”

वानखेड़े को मिली रही जान से मारने की धमकी

वानखेड़े ने बताया कि ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ के कारण उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा, “मेरे परिवार का इस पूरे मामले से कोई संबंध नहीं है, फिर भी उन्हें यूएई, पाकिस्तान और बांग्लादेश से धमकियां मिल रही हैं। उन्हें इस विवाद में घसीटना बिल्कुल गलत है। मैं सत्य के लिए लड़ूंगा और मुझे अपने न्याय प्रणाली पर पूरा भरोसा है।”

गौर करने वाली बात ये है कि दिल्ली हाईकोर्ट ने रेड चिलीज एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड को इस मामले में समन भेजा है और अपना पक्ष रखने का आदेश दिया है। यह मुकदमा 8 अक्टूबर 2025 को दायर किया गया था। कोर्ट में अगली सुनवाई 30 अक्टूबर 2025 को होगी।

याचिका में समीर ने लगाए हैं ये आरोप

समीर वानखेड़े ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि वेब सीरीज में उन्हें नेगेटिव तरीके से पेश किया गया है, जिससे उनकी सार्वजनिक छवि को गहरी चोट पहुंची है और सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया गया। इस केस में प्रतिवादी के रूप में रेड चिलीज एंटरटेनमेंट, नेटफ्लिक्स, एक्स कॉर्प (पूर्व में ट्विटर), गूगल एलएलसी, मेटा प्लेटफॉर्म्स, आरपीजी लाइफस्टाइल मीडिया प्राइवेट लिमिटेड, और जॉन डो को शामिल किया गया है। समीर वानखेड़े पहले भी कई हाई-प्रोफाइल मामलों में अपनी सख्त छवि के लिए सुर्खियों में रह चुके हैं। अब उन्होंने साफ कहा है कि “मैं 19 साल से देश के लिए लड़ रहा हूं और आगे भी लड़ता रहूंगा।”

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com