

Samay Raina Still Alive Comedy Special: स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना एक बार फिर सुर्खियों में हैं। लंबे विवाद के बाद उन्होंने अपना नया कॉमेडी स्पेशल Still Alive रिलीज कर दिया है, जिसे यूट्यूब पर दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। यह उनका पहला बड़ा प्रोजेक्ट है, जो पिछले साल हुए विवाद के बाद सामने आया है।
यह स्पेशल करीब 1 घंटे 21 मिनट लंबा है, जिसमें समय रैना ने अपने खास डार्क कॉमेडी अंदाज में उन तमाम मुद्दों पर खुलकर बात की, जिनके कारण वह विवादों में आए थे। खास बात यह रही कि उन्होंने अपने चर्चित शो इंडियाज गॉट लेटेंट के दूसरे सीजन का भी ऐलान कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि वह इस शो को दोबारा लेकर आएंगे, क्योंकि उन्हें यह शो बनाना बेहद पसंद है।
दरअसल, साल 2025 में ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के एक एपिसोड को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया था। शो में बतौर गेस्ट पहुंचे रणवीर इलाहाबादिया की कुछ टिप्पणियों को लेकर सोशल मीडिया पर भारी विरोध हुआ था। इस मामले में एफआईआर दर्ज हुई और बाद में एपिसोड को हटाना पड़ा। समय रैना को इस पूरे मामले में माफी भी मांगनी पड़ी थी। अपने नए स्पेशल में समय रैना ने इस विवाद को ‘क्रॉस फायर’ बताते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि कई बार हालात ऐसे बन जाते हैं, जहां व्यक्ति दोनों तरफ से निशाने पर आ जाता है। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि विवादित एपिसोड में रणवीर अल्लाहबादिया ने कई बार आपत्तिजनक सवाल दोहराए थे, लेकिन एडिटिंग के दौरान उनमें से ज्यादातर हिस्से हटा दिए गए थे।
इस दौरान समय रैना ने अपने आलोचकों पर भी तंज कसे। उन्होंने कॉमेडियन सुनील पाल, अभिनेता मुकेश खन्ना और सिंगर बी प्राक का जिक्र करते हुए कहा कि विवाद के दौरान कई लोग अचानक उनके खिलाफ बोलने लगे। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि कुछ लोग पहले उनके शो की तारीफ करते थे, लेकिन विवाद होते ही आलोचना करने लगे।
स्पेशल के दौरान समय रैना ने यह भी स्वीकार किया कि शो को मजेदार बनाने के लिए कई बार सीमाएं पार हो जाती हैं, लेकिन उन्होंने हमेशा एडिटिंग के जरिए कंटेंट को सुरक्षित बनाने की कोशिश की। उन्होंने यह भी बताया कि विवाद के समय उन्हें विदेश से भी काफी समर्थन मिला, जिसने मुश्किल दौर में उनका हौसला बढ़ाया।
अंत में समय रैना ने साफ कर दिया कि वह जल्द ही इंडियाज गॉट लेटेंट का दूसरा सीजन लेकर आएंगे। उनका कहना है कि वह अब अपने काम का आनंद लेना चाहते हैं और नए अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं।