‘30 करोड़ का जुर्माना भी लग सकता है’, समय रैना पर बरसे सुनील पाल, सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद दी बड़ी नसीहत
Samay Raina Fine: दिव्यांगों पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा समय रैना पर 3 लाख रुपये का जुर्माना लगाए जाने के बाद कॉमेडियन सुनील पाल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
- Written By: सोनाली झा
समय रैना और सुनील पाल (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Samay Raina Controversy: स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना एक बार फिर विवादों में हैं। दिव्यांग व्यक्तियों पर कथित असंवेदनशील टिप्पणी से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा 3 लाख रुपये का जुर्माना लगाए जाने के बाद अब वरिष्ठ कॉमेडियन सुनील पाल ने भी उन पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि समय रैना को समय रहते अपनी भाषा और व्यवहार में बदलाव करना चाहिए, वरना उन्हें भविष्य में और बड़ी कानूनी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
इंस्टेंट बॉलीवुड को दिए एक इंटरव्यू में सुनील पाल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का 3 लाख रुपये का जुर्माना काफी कम है। उन्होंने कहा, “जिस तरह की हरकत समय रैना ने की है, उस पर 30 लाख नहीं बल्कि 30 करोड़ रुपये का भी जुर्माना लगाया जा सकता है। उन्होंने आगे कहा कि समय रैना, समय रहते सुधर जाओ। बुरा समय आने में ज्यादा वक्त नहीं लगता। सुनील पाल का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इंडियाज गॉट लेटेंट में जाने से किया था इनकार
इससे पहले भी सुनील पाल समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ को लेकर अपनी राय जाहिर कर चुके हैं। एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने दावा किया था कि समय रैना ने उन्हें शो में आने का न्योता दिया था और 25 लाख रुपये तक ऑफर किए थे। हालांकि, सुनील पाल ने कहा कि उन्होंने साफ मना कर दिया क्योंकि वह मंच पर गाली-गलौज या अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहते। उनके मुताबिक, उन्होंने समय रैना से कहा था कि वह ऐसे कंटेंट का हिस्सा नहीं बन सकते।
सम्बंधित ख़बरें
‘हेरा फेरी 3’ छोड़ने की असली वजह आई सामने, परेश रावल बोले- मामला कॉन्ट्रैक्ट का था, अक्षय कुमार से…
सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत पर सोनाक्षी सिन्हा ने जताई चिंता, बोलीं- अब चुप रहना मुमकिन नहीं
आलिया भट्ट के नाम से वायरल हुई फेक इंस्टा स्टोरी, ‘अल्फा’ की ट्रोलिंग के बीच जानिए पोस्ट की पूरी सच्चाई
‘फौजी’ के फर्स्ट लुक ने बढ़ाई फैंस की एक्साइटमेंट, प्रभास के दमदार एक्शन अवतार के साथ रिलीज डेट भी हुई कन्फर्म
क्या है पूरा मामला
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट में ‘क्योर एसएमए इंडिया फाउंडेशन’ की ओर से एक याचिका दायर की गई थी। याचिका में आरोप लगाया गया कि समय रैना ने अपने शो के दौरान स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी जैसी गंभीर और दुर्लभ बीमारी से पीड़ित दिव्यांग व्यक्तियों पर असंवेदनशील टिप्पणी की थी और बीमारी के महंगे इलाज का मजाक उड़ाया था। शीर्ष अदालत ने समय रैना को अपने पूर्व आदेश का पालन न करने पर फटकार लगाई और उन पर 3 लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
पहले भी देनी पड़ी थी बिना शर्त माफी
गौरतलब है कि पिछले वर्ष अगस्त में भी सुप्रीम कोर्ट ने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ से जुड़े समय रैना और अन्य कॉमेडियनों को दिव्यांगों और दुर्लभ आनुवंशिक बीमारियों से पीड़ित लोगों का मजाक उड़ाने पर कड़ी फटकार लगाई थी। अदालत ने सभी से बिना शर्त माफी मांगने का निर्देश दिया था। अब इस पूरे विवाद के बीच सुनील पाल का बयान चर्चा का विषय बना हुआ है।
