

Paresh Rawal Hera Pheri 3 Controversy: 'हेरा फेरी 3' को लेकर पिछले काफी समय से चल रहे विवाद पर अब अभिनेता परेश रावल ने खुलकर अपनी बात रखी है। फिल्म से अलग होने के बाद उन्हें अक्षय कुमार की ओर से भेजे गए 25 करोड़ रुपये के कानूनी नोटिस ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। हालांकि अब परेश रावल ने साफ कर दिया है कि उनका फिल्म छोड़ने का फैसला किसी निजी मतभेद की वजह से नहीं, बल्कि कॉन्ट्रैक्ट से जुड़े कानूनी कारणों के चलते लिया गया था।
परेश रावल ने कहा कि अक्षय कुमार के साथ उनके रिश्ते हमेशा अच्छे रहे हैं और दोनों के बीच किसी तरह का मनमुटाव कभी नहीं रहा। उन्होंने कहा कि लोग इस विवाद को गलत तरीके से समझ रहे हैं। 'हेरा फेरी' फ्रेंचाइजी के अधिकार निर्माता फिरोज नाडियाडवाला के पास हैं। ऐसे में फिल्म से जुड़ा कोई भी कमिटमेंट उनकी मंजूरी के बिना संभव नहीं था।
परेश रावल ने कहा कि अगर मुझे फिल्म करनी थी तो पहले फिरोज नाडियाडवाला की सहमति जरूरी थी। जब तक उनकी ओर से मंजूरी नहीं मिलती, मैं किसी तरह का वादा नहीं कर सकता था। यह पूरी तरह कॉन्ट्रैक्ट से जुड़ा मामला था, न कि किसी कलाकार के साथ काम करने में असहज होने का। अक्षय कुमार की ओर से भेजे गए कानूनी नोटिस पर भी परेश रावल ने अपनी राय रखी।
परेश रावल ने कहा कि उन्हें लगता है कि यह एक इमोशनल प्रतिक्रिया थी। उनके मुताबिक, शायद अक्षय को लगा होगा कि मैं फिल्म के लिए मना कैसे कर सकता हूं। उस समय वह इमोशनल रूप से आहत रहे होंगे। लेकिन मैंने कभी इसे व्यक्तिगत विवाद नहीं माना। उन्होंने यह भी कहा कि नोटिस मिलने के बाद उन्हें लगा कि वह कानूनी विवादों में उलझना नहीं चाहते और इसी वजह से उन्होंने खुद को इस प्रोजेक्ट से दूर कर लिया।
परेश रावल ने यह भी स्पष्ट किया कि वह आज भी 'हेरा फेरी 3' का हिस्सा बनने के इच्छुक हैं। उन्होंने कहा कि जब भी फिल्म बनेगी, चाहे उसे कोई भी प्रोड्यूस या डायरेक्ट करे, वह उसमें जरूर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं इस फिल्म से पूरी तरह जुड़ा हुआ हूं। जब भी इसकी शूटिंग शुरू होगी, मैं वहां मौजूद रहूंगा।