'जहां-जहां हैं आलिया, वहां-वहां हैं गालियां', सुनील पाल ने आलिया भट्ट और समय रैना पर साधा निशाना

Sunil Pal Reaction: कॉमेडियन सुनील पाल ने 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' को लेकर समय रैना और आलिया भट्ट पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि समय रैना ने उन्हें शो में आने के लिए 25 लाख रुपये का ऑफर दिया था।
Sunil Pal Reaction On Alia Bhatt And Samay Raina Indias Got Latent 2
सुनील पाल, आलिया भट्ट और समय रैना (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

Sunil Pal Reaction On Alia Bhatt And Samay Raina: कॉमेडियन समय रैना अपने चर्चित शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2' के साथ वापसी कर चुके हैं। शो के पहले एपिसोड में बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट और शरवरी वाघ की मौजूदगी ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं। हालांकि, शो में इस्तेमाल की गई भाषा और गाली-गलौज को लेकर एक बार फिर विवाद शुरू हो गया है। अब मशहूर कॉमेडियन सुनील पाल ने इस मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रखते हुए समय रैना और शो के फॉर्मेट पर सवाल उठाए हैं।

हाल ही में मीडिया से बातचीत के दौरान जब सुनील पाल से पूछा गया कि आलिया भट्ट जैसी बड़ी स्टार भी इस शो का हिस्सा बनीं, तो उन्होंने शायराना अंदाज में तंज कसते हुए कहा कि जहां-जहां हैं आलिया, वहां-वहां हैं गालियां, बजाओ तालियां, वरना सपने में आएगा विजय माल्या। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, उन्होंने किसी व्यक्तिगत टिप्पणी के बजाय शो के कंटेंट और भाषा पर अपनी नाराजगी जाहिर की।

25 लाख रुपये के ऑफर का किया दावा

सुनील पाल ने बातचीत के दौरान एक बड़ा खुलासा भी किया। उन्होंने दावा किया कि समय रैना ने उन्हें अपने शो में आने का न्योता दिया था और इसके लिए करीब 25 लाख रुपये देने की पेशकश भी की थी। सुनील के मुताबिक, उन्होंने इस ऑफर को स्वीकार नहीं किया क्योंकि उनकी एक स्पष्ट शर्त थी कि शो में गाली-गलौज नहीं होनी चाहिए।

गालियां हटाओ, मैं मुफ्त में आ जाऊंगा

सुनील पाल ने कहा कि उन्होंने समय रैना से साफ शब्दों में कहा था कि अगर शो में अश्लील भाषा और गालियां बंद कर दी जाएं तो वह बिना किसी फीस के भी शो का हिस्सा बनने को तैयार हैं। उनका मानना है कि कॉमेडी लोगों को हंसाने का माध्यम है, न कि अभद्र भाषा को बढ़ावा देने का। उन्होंने कहा कि वह आज भी अपने इस सिद्धांत पर कायम हैं।

परिवार के साथ देखने लायक हो कॉमेडी

कॉमेडियन ने आगे कहा कि वह चाहते हैं कि 'इंडियाज गॉट लेटेंट' जैसा शो ऐसा बने जिसे पूरा परिवार एक साथ बैठकर देख सके। उनके अनुसार, मनोरंजन का उद्देश्य लोगों को जोड़ना होना चाहिए, न कि ऐसी सामग्री पेश करना जिससे परिवार के बड़े-बुजुर्ग असहज महसूस करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में शो के कंटेंट में ऐसे बदलाव किए जाएंगे, जिससे यह हर उम्र के दर्शकों के लिए उपयुक्त बन सके।

Navbharat Live
navbharatlive.com