

Rise and Fall 2 Latest Episode: रियलिटी शो ‘द राइज एंड फॉल सीजन 2’ में सत्ता का खेल लगातार दिलचस्प होता जा रहा है। शो के लेटेस्ट एपिसोड में पेंटहाउस और बेसमेंट के बीच का फर्क कंटेस्टेंट्स के व्यवहार में साफ नजर आया। टीवी स्टार प्रियंका चाहर चौधरी पेंटहाउस की लग्जरी छोड़कर बेसमेंट पहुंचीं तो उनका मिजाज बदला हुआ दिखाई दिया।
वहीं, दूसरी तरफ अल्टीमेट रूलर की गद्दी को लेकर भी बड़ा उलटफेर देखने को मिला। तेज प्रताप यादव का शासन खत्म होने के बाद अब गौतम गुलाटी और शहजाद पूनावाला के बीच ताज की जंग शुरू हो गई है। पेंटहाउस से बेसमेंट में आते ही प्रियंका चाहर चौधरी वहां के माहौल और खराब एसी को लेकर नाराज नजर आईं। उनका यह अंदाज पेंटहाउस में बैठे गौतम गुलाटी, इरीना रुदाकोवा और स्वरा भास्कर के बीच चर्चा का विषय बन गया।
गौतम ने प्रियंका के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें पहले तमीज से बात करना सीखना होगा। वहीं बेसमेंट में सारा गुरपाल और निहारिका तिवारी ने भी प्रियंका के गेम और उनके हावी होने वाले अंदाज पर चर्चा की। पेंटहाउस में बॉलीवुड थीम पार्टी के दौरान स्वरा भास्कर ने शहजाद पूनावाला से प्रियंका के बारे में ज्यादा बात नहीं करने को कहा। स्वरा ने दावा किया कि प्रियंका अटेंशन चाहती हैं और उन्हें नजरअंदाज करना ही उनके लिए सबसे बड़ी सजा है।
शो में अल्टीमेट रूलर चुनने के लिए टिकट टास्क खेला गया। अलग-अलग राउंड में राज, स्वरा भास्कर, करण पटेल और इरीना रुदाकोवा बाहर होते गए। आखिर में तेज प्रताप यादव भी इस रेस से बाहर हो गए। अब अल्टीमेट रूलर की गद्दी के लिए गौतम गुलाटी और शहजाद पूनावाला आमने-सामने हैं।
रेस से बाहर होने के बाद तेज प्रताप यादव ने शहजाद पर उन्हें कन्फ्यूज करने और धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शहजाद ने इशारे करके उन्हें भ्रम में डाल दिया। दूसरी ओर, स्वरा और शहजाद के बीच पार्टी के दौरान एक दोस्ताना समीकरण बनता भी नजर आया।
बेसमेंट में भोजपुरी एक्ट्रेस काजल राघवानी ने अपनी जिंदगी के एक मुश्किल दौर का जिक्र किया। उनके हाथ पर निशान देखकर निहारिका ने सवाल किया, जिसके बाद काजल भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि एक समय उन्होंने खुद को नुकसान पहुंचाया था। मनीष कश्यप ने उन्हें संभाला और खुद को दर्द से बाहर निकालने की सीख दी। इस बातचीत के बाद काजल, सारा और निहारिका ने गेम में अपना 100 प्रतिशत देने का फैसला किया।