

Ram Charan Peddy Movie: साउथ सुपरस्टार राम चरण की अपकमिंग फिल्म ‘पेड्डी’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। फिल्म का अनाउंसमेंट वीडियो, फर्स्ट-लुक पोस्टर और अब तक सामने आए टीजर क्लिप्स पहले ही सोशल मीडिया पर धूम मचा चुके हैं। इसी बीच फिल्म के सेट से कुछ लीक तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें राम चरण को दिल्ली के संसद भवन और इंडिया गेट के आसपास शूटिंग करते हुए देखा गया है। इन तस्वीरों के सामने आते ही इंटरनेट पर हलचल तेज हो गई है।
लीक हुई तस्वीरों में राम चरण कड़ाके की ठंड के बीच सड़कों पर चलते नजर आ रहे हैं। उनका लुक बेहद रॉ, सादा और दमदार दिखाई दे रहा है, जो अब तक उनके पिछले किरदारों से काफी अलग है। चेहरे के भाव, बॉडी लैंग्वेज और स्टाइल देखकर साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि ‘पेड्डी’ में राम चरण एक बिल्कुल नए और गंभीर अवतार में नजर आने वाले हैं। फैंस इन तस्वीरों को शेयर कर तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं कि फिल्म की कहानी में दिल्ली का यह हिस्सा कितना अहम होने वाला है।
‘पेड्डी’ को लेकर एक्साइटमेंट पहले से ही चरम पर है। फिल्म का पहला गाना 'चिकिरी चिकिरी' रिलीज होते ही वायरल हो गया था और महज 24 घंटों में 46 मिलियन से ज्यादा व्यूज हासिल कर चुका है। यह गाना इस साल के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले सॉन्ग्स में शामिल हो गया है। ऐसे में अब शूटिंग की लीक इमेज सामने आने से दर्शकों की उत्सुकता और भी बढ़ गई है।
फिल्म का निर्देशन बुच्ची बाबू सना कर रहे हैं, जो अपनी दमदार स्टोरीटेलिंग के लिए जाने जाते हैं। ‘पेड्डी’ में राम चरण के साथ जाह्नवी कपूर, जगपति बाबू, शिवा राजकुमार और दिव्येंदु शर्मा जैसे मजबूत कलाकार नजर आएंगे। फिल्म को मिथ्री मूवी मेकर्स और सुकुमार राइटिंग्स द्वारा वृध्दि सिनेमा के बैनर तले प्रस्तुत किया जा रहा है।
दिल्ली में चल रहे शूट शेड्यूल ने यह साफ कर दिया है कि ‘पेड्डी’ सिर्फ एक मसाला एंटरटेनर नहीं, बल्कि बड़े कैनवस पर बनी एक पावरफुल कहानी होने वाली है। राम चरण के बदले हुए अंदाज और फिल्म की भव्यता को देखते हुए फैंस को अब इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार है। ‘पेड्डी’ 27 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और माना जा रहा है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका कर सकती है।