राजपाल यादव डांस वीडियो (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Rajpal Yadav Dance In Niece Wedding: चेक बाउंस मामले में सरेंडर करने के 13 दिन बाद बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव को अंतरिम जमानत पर तिहाड़ जेल से रिहा कर दिया गया। रिहाई के तुरंत बाद वह अपने परिवार के एक खास समारोह में शामिल हुए। दरअसल, उन्होंने अदालत में पारिवारिक शादी का हवाला देते हुए जमानत की अर्जी दी थी, जिसे मंजूर कर लिया गया।
जेल से बाहर आने के बाद राजपाल यादव अपनी भतीजी की शादी में पहुंचे, जहां उनका अलग ही अंदाज देखने को मिला। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में वह पारंपरिक कुर्ता और धोती पहने नजर आ रहे हैं। शादी के जश्न में वह घर की महिलाओं के साथ खुलकर डांस करते दिखाई दिए। वीडियो में वह मशहूर गीत ‘सर से जो सरके’ पर थिरकते दिखते हैं। कुछ देर बाद उनकी पत्नी भी उनके साथ डांस फ्लोर पर शामिल हो गईं, जिससे माहौल और भी खुशनुमा हो गया।
इस वीडियो पर फैंस ने जमकर प्यार लुटाया। कई लोगों ने कमेंट में लिखा कि मुश्किल समय के बाद खुश रहना ही असली जीत है। वहीं, कुछ यूजर्स ने उनके खिलाफ चल रहे आर्थिक मामले को लेकर सवाल भी उठाए। सोशल मीडिया पर समर्थन और आलोचना दोनों तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
जानकारी के अनुसार, चेक बाउंस केस में दिल्ली की कड़कड़डूमा कोर्ट द्वारा रिहाई वारंट जारी किया गया, जिसके बाद उन्हें तिहाड़ जेल से रिहा किया गया। इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने राजपाल यादव के जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए 18 मार्च तक अंतरिम राहत दी। अदालत ने शर्त रखी थी कि संबंधित कंपनी के खाते में 1.5 करोड़ रुपये जमा किए जाएं। तय समय में राशि जमा करने के बाद उन्हें अंतरिम जमानत मिल गई।
ये भी पढ़ें- हाथ में तलवार और भगवा झंडा लहराते छाए रितेश देशमुख, शिवाजी जयंती पर ‘Raja Shivaji’ का पोस्टर हुआ आउट
मामले के दौरान सलमान खान, सोनू सूद और वरुण धवन समेत कई बॉलीवुड हस्तियों के मदद के लिए आगे आने की खबरें भी सामने आईं। हालांकि, इस पर परिवार की ओर से अलग-अलग बयान दिए गए। फिलहाल, राजपाल यादव की अंतरिम रिहाई और शादी में उनके डांस का वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की निगाहें इस केस की अगली सुनवाई पर टिकी हैं।