प्रज्ञा कपूर ने की 13 साल बाद रैंप में वापसी, फैशन वीक में दिखा मॉडल और प्रोड्यूसर का ग्लैमर लुक

Lakme Fashion Week 2025: अभिनेत्री और मॉडल प्रज्ञा कपूर ने 13 साल बाद लैक्मे फैशन वीक के रैंप पर शानदार वापसी की। इस लंबे अंतराल के बाद रैंप पर लौटने का अनुभव साझा किया।
Pragyaa A Kapoor
प्रज्ञा कपूर (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Pragya Kapoor Ramp Walk: अभिनेत्री और मॉडल प्रज्ञा कपूर ने 13 साल के लंबे अंतराल के बाद लैक्मे फैशन वीक में रैंप वॉक कर फैशन की दुनिया में अपनी धमाकेदार वापसी की। इस अनुभव को साझा करते हुए प्रज्ञा ने आईएएनएस से बताया कि कैसे यह पल उनके लिए बेहद खास और यादगार रहा।

प्रज्ञा कपूर ने बताया कि इस बार रैंप पर लौटना उनके लिए सिर्फ एक वॉक नहीं था, बल्कि उनके करियर के सफर का एक प्रतीक था। उन्होंने कहा, "13 साल बाद लैक्मे फैशन वीक में वापसी ने मेरी पुरानी यादें ताजा कर दीं। इस बार मैं सिर्फ मॉडल के तौर पर नहीं बल्कि प्रोड्यूसर के रूप में वहां थी। इसने मुझे मेरे अब तक के सफर और अपने संघर्षों पर सोचने का मौका दिया। अपने पुराने दोस्तों से मिलना, जो अब भी फैशन की दुनिया में जादू बिखेर रहे हैं, बेहद खास अनुभव था।"

प्रज्ञा ने फैशन शो का शेयर किया एक्सपीरियंस

प्रज्ञा ने फैशन को अपनी खुद की अभिव्यक्ति का माध्यम बताया। उन्होंने कहा, "इस बार मैं रैंप पर इसलिए उतरी कि अपनी पहचान और सफर का जश्न मनाऊं, परफेक्ट लुक दिखाने के लिए नहीं। फैशन एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जो नए आविष्कारों और क्रिएटिविटी के लिए आवाज बन सकता है।" रैंप पर प्रज्ञा कपूर ने आकर्षक सिल्वर लहंगा और एलीगेंट ज्वेलरी कैरी की। उनके लुक और आत्मविश्वास ने दर्शकों का ध्यान खींचा और सोशल मीडिया पर भी उनकी तस्वीरें वायरल हो गईं।

एक्ट्रेस ने ऐसे की थी करियर की शुरुआत

प्रज्ञा कपूर ने अपने फिल्म करियर की शुरुआत अमोल गुप्ते की फिल्म ‘हवा हवाई’ से की थी, जिसमें उन्होंने प्रज्ञा नंदा का किरदार निभाया था। इसके बाद उन्होंने 2018 में फिल्म ‘केदारनाथ’ के साथ फिल्म प्रोडक्शन की दुनिया में कदम रखा। इस फिल्म को उन्होंने रॉनी स्क्रूवाला, अभिषेक कपूर और अभिषेक नय्यर के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया था।

वर्तमान में प्रज्ञा ‘गाय इन द स्काई पिक्चर्स’ की सह-संस्थापक हैं और भूषण कुमार की कंपनी टी-सीरीज के साथ मिलकर फिल्म ‘शराबी’ का निर्माण करने वाली हैं। हालांकि, इस लैक्मे फैशन वीक में उनकी वापसी ने यह साबित कर दिया कि प्रज्ञा कपूर फैशन और फिल्म उद्योग दोनों में अपनी अलग पहचान बनाए हुए हैं। रैंप पर उनकी इस वापसी ने उनके फैंस और फैशन प्रेमियों को उत्साहित कर दिया है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com