कानूनी पचड़े में फंसे पवन सिंह, धोखाधड़ी का लगा आरोप, वाराणसी कोर्ट ने मुकदमा दर्ज करने का दिया आदेश

Pawan Singh: भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। उनपर धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है और इस मामले में वाराणसी कोर्ट ने एक्टर के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया है।
pawan singh
पवन सिंह (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Pawan Singh Fraud Case: भोजपुरी इंडस्ट्री के पावर स्टार और सिंगर पवन सिंह इस समय कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। वाराणसी की जिला अदालत ने उनके खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज करने का आदेश दिया है। यह विवाद 2018 में रिलीज हुई फिल्म ‘बॉस’ से जुड़ा है, जिसमें बिजनेसमैन विशाल सिंह ने भारी निवेश किया था।

दरअसल, बिजनेसमैन विशाल सिंह ने अपने वकील राहुल द्विवेदी के जरिए अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया था। आरोप है कि फिल्म ‘बॉस’ के निर्माण के लिए लगभग 1.25 करोड़ रुपये का निवेश कराया गया था। वकील का कहना है कि पवन सिंह समेत चार लोगों ने उन्हें फिल्म में हिस्सेदारी और मुनाफा देने का वादा किया था। लेकिन फिल्म की रिलीज और हिट होने के बाद भी उन्हें उनका हिस्सा नहीं दिया गया।

क्या है पूरा मामला

विशाल सिंह का दावा है कि उनके साथ 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी हुई है। उन्होंने शुरुआत में इस मामले की शिकायत पुलिस से की थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर उन्होंने अदालत का सहारा लिया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, वाराणसी ने मामले की सुनवाई के बाद पाया कि आरोपियों पर धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला पहली नजर में साबित होता है। इसके बाद अदालत ने 13 अगस्त 2025 को आदेश पारित करते हुए कैंट थाने में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। अदालत ने इस मामले को सीआरपीसी की धारा 173(4) के तहत संज्ञान में लिया है।

वकील ने बयान में कही ये बात

वकील राहुल द्विवेदी ने कहा, “साल 2017 में हमारे क्लाइंट विशाल सिंह की मुलाकात मुंबई में फिल्म डायरेक्टर प्रेम शंकर राय और उनकी पत्नी सीमा राय से हुई थी और वो लोग फिल्म बनाने का काम करते थे।उसी दौरान उन्हें पवन सिंह और अन्य लोगों से फिल्म निवेश का प्रस्ताव दिया गया। पवन सिंह ने भी उन्हें भरोसा दिलाया कि निवेश पर अच्छा मुनाफा मिलेगा। लेकिन फिल्म हिट होने के बावजूद उन्हें उनका हिस्सा नहीं दिया गया। अब अदालत ने हमारे दावे को सही माना है और केस दर्ज करने का आदेश दिया है।” आपको बता दें, भोजपुरी सिनेमा के बड़े स्टार पवन सिंह इससे पहले भी कई विवादों में घिर चुके हैं। लेकिन इस बार मामला सीधे धोखाधड़ी और करोड़ों के इन्वेस्टमेंट से जुड़ा है। कोर्ट के आदेश के बाद अब पुलिस जांच आगे बढ़ाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com