

Highlights
ऑस्कर 2027 की दौड़ में भारत की दो फिल्में 'गोंधल' और 'अंग' शामिल हुई हैं।
'गोंधल' को इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में जगह मिली है।
थेजा रियो की फिल्म 'अंग' ने टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में प्लेटफॉर्म अवॉर्ड जीता था।
Oscar 2027 Indian Film Gondhal And Angh: ऑस्कर 2027 को लेकर भारतीय सिनेमा के लिए अच्छी खबर सामने आई है। भारत की दो फिल्मों ने इस बार एकेडमी अवॉर्ड्स की दौड़ में अपनी जगह बनाई है। फिल्म 'गोंधल' और फिल्म निर्माता थेजा रियो की 'अंग' को ऑस्कर 2027 के लिए योग्य फिल्मों की सूची में शामिल किया गया है। 'अकादमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज' ने इंटरनेशनल फीचर फिल्म, एनिमेटेड फीचर फिल्म और डॉक्यूमेंट्री फीचर फिल्म श्रेणियों में विचार के लिए योग्य फिल्मों की लिस्ट जारी की है।
एकेडमी की ओर से जारी सूची में इंटरनेशनल फीचर फिल्म श्रेणी की कुल 104 फिल्मों को जगह मिली है। खास बात यह है कि यह इस श्रेणी में अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। भारत की फिल्म 'गोंधल' भी इसी सूची का हिस्सा है। इसके अलावा डॉक्यूमेंट्री फीचर फिल्म श्रेणी में 190 और एनिमेटेड फीचर फिल्म श्रेणी में 38 फिल्में योग्य घोषित की गई हैं।
'गोंधल' की कहानी ग्रामीण महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में एक ही रात के दौरान घटने वाली घटनाओं को दिखाया गया है। इसकी कहानी आधी रात को होने वाले पारंपरिक 'गोंधल' अनुष्ठान के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में संगीत, नृत्य, पौराणिक कथाओं और धार्मिक परंपराओं को खूबसूरती से पिरोया गया है। महाराष्ट्र की लोकसंस्कृति और परंपराओं को पर्दे पर पेश करने वाली यह फिल्म अपनी कहानी की वजह से खास मानी जा रही है।
भारत की दूसरी फिल्म 'अंग' है, जिसके निर्माता थेजा रियो हैं। इस फिल्म ने टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में प्लेटफॉर्म अवॉर्ड जीतकर ऑस्कर की दौड़ में जगह बनाई है। 'द हॉलीवुड रिपोर्टर' की रिपोर्ट के मुताबिक, अलग-अलग देशों और क्षेत्रों की ओर से 100 फिल्में भेजी गई थीं, जबकि चार अन्य फिल्मों ने प्रमुख अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में पुरस्कार जीतकर इस श्रेणी के लिए क्वालीफाई किया।
इंटरनेशनल फीचर फिल्म श्रेणी में भारत के अलावा कई देशों की फिल्मों को भी जगह मिली है। इनमें जापान की ऑल ऑफ अ सडन, नेपाल की एलीफेंट्स इन द फॉग, पोलैंड की फादरलैंड, रोमानिया की फ्योर्ड और स्पेन की ला बोला नेग्रा शामिल हैं। इसके अलावा फ्रांस की मिनोटौर, दक्षिण कोरिया की पॉसिबल लव, यूनाइटेड किंगडम की रिहर्सल्स फॉर अ रेवोल्यूशन और पाकिस्तान की हैंगिंग बाय अ वायर भी इस सूची का हिस्सा हैं।
योग्य फिल्मों की सूची में शामिल होने का मतलब यह नहीं है कि इन फिल्मों को ऑस्कर के लिए नॉमिनेट कर दिया गया है। अब 'गोंधल' और 'अंग' शुरुआती वोटिंग प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगी। इसके बाद एकेडमी शॉर्टलिस्ट जारी करेगी और फिर अंतिम नॉमिनेशन तय किए जाएंगे। ऐसे में अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या भारत की ये दोनों फिल्में ऑस्कर 2027 की अंतिम नॉमिनेशन लिस्ट तक पहुंच पाएंगी।