

Highlights
बिग बॉस 20 में यंग डीएसए और स्काउट ओपी की दोस्ती में फिर दरार आ गई है।
अपकमिंग एपिसोड के प्रोमो में दोनों के बीच तीखी बहस देखने को मिली।
यंग ने स्काउट के नेचर को नकली बताया, जिस पर वह भड़क गए।
स्काउट ने यंग को डंब कहा, वहीं यंग ने उनके मुंह लगने से इनकार कर दिया।
अरिशफा दोनों की लड़ाई सुलझाने की कोशिश करती नजर आईं।
Bigg Boss 20 Young DSA Scout OP Fight: सलमान खान का रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' अब अपने 11वें हफ्ते में पहुंच चुका है। शो में हर दिन रिश्तों के समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। कभी दुश्मन दोस्त बन जाते हैं, तो कभी सालों पुरानी दोस्ती में भी दरार आ जाती है। ऐसा ही कुछ इन दिनों स्काउट ओपी और यंग डीएसए के बीच देखने को मिल रहा है। शो की शुरुआत में दोनों के बीच काफी अच्छी दोस्ती थी, लेकिन बाद में कई बातों को लेकर उनके रिश्ते खराब हो गए।
स्काउट और यंग के बीच कुछ समय पहले सुलह होती दिखाई दी थी, लेकिन अब एक बार फिर उनकी दोस्ती में खटास आ गई है। 'बिग बॉस 20' के अपकमिंग एपिसोड का प्रोमो सामने आया है, जिसमें स्काउट और यंग एक-दूसरे से तीखी बहस करते नजर आ रहे हैं। दोनों के बीच बातचीत इतनी बढ़ जाती है कि पुराने गिले-शिकवे भी सामने आने लगते हैं। वहीं, घर के बाकी सदस्य इस पूरे मामले को देखते रहते हैं।
प्रोमो में दिखाया गया है कि यंग स्काउट से अपनी नाराजगी जाहिर करते हैं। वह पहले हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहते हैं कि तूने पहले आम्रपाली दुबे जी से झगड़ा किया और फिर मेरे साथ भी ऐसा ही किया। इसके बाद यंग स्काउट के नेचर को नकली बताते हैं। यह सुनकर स्काउट भड़क जाते हैं और उनसे सवाल करते हैं कि आखिर उन्हें नकली कहने का क्या मतलब है।
दोनों के बीच बहस यहीं नहीं रुकती। स्काउट भी यंग पर पलटवार करते हुए कहते हैं कि वह यहां डंब दिखाई दे रहे हैं। इस पर यंग गुस्से में कहते हैं कि उन्हें स्काउट जैसे लड़के के मुंह नहीं लगना है। वहीं, स्काउट भी उन्हें बाहर मिलने की बात कहकर चुनौती देते नजर आते हैं। इस दौरान घर में मौजूद अरिशफा दोनों के बीच मामला शांत कराने की कोशिश करती दिखाई देती हैं। वहीं, लव गिल सोफे पर बैठकर दोनों की बहस देखती रहती हैं।
दरअसल, यंग और स्काउट के बीच तनाव की एक बड़ी वजह वीकेंड का वार भी रहा। सलमान खान ने खुलासा किया था कि स्काउट ने यंग की एक सीक्रेट बात लव गिल और कनिका को बता दी थी। यह जानकर यंग काफी दुखी हो गए थे और फूट-फूटकर रोने लगे थे। हालांकि, स्काउट ने अपनी सफाई में कहा था कि उन्होंने यह बात किसी गलत इरादे से शेयर नहीं की थी। लेकिन यंग को उनका यह कदम काफी बुरा लगा था।