Birthday Special: दिहाड़ी मजदूर से सुपरस्टार कैसे बने दिनेश लाल यादव, कैसे मिला निरहुआ नाम

Nirahua Birthday Special: भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' के जन्मदिन पर जानें उनके संघर्ष की कहानी। कैसे एक दिहाड़ी मजदूर बना इंडस्ट्री का सबसे महंगा एक्टर।
Dinesh Lal Yadav Nirahua Birthday
Nirahua Birthday (फोटो क्रेडिट-इंस्टाग्राम)
Published on
Updated on

Dinesh Lal Yadav Birthday: भोजपुरी सिनेमा के 'जुबली स्टार' कहे जाने वाले दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ का आज जन्मदिन है। 2 फरवरी 1979 को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में जन्मे दिनेश लाल यादव का सुपरस्टार बनने का सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। आज भले ही उनके पास आलीशान घर, लग्जरी गाड़ियाँ और करोड़ों की संपत्ति हो, लेकिन एक दौर ऐसा भी था जब उन्हें दो वक्त की रोटी के लिए कोलकाता की सड़कों पर दिहाड़ी मजदूरी करनी पड़ी थी। गरीबी और संघर्ष के बीच से निकलकर उन्होंने जिस तरह अपनी पहचान बनाई, वह करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणा है।

निरहुआ के पिता बेहतर भविष्य की तलाश में उन्हें और उनके भाई को लेकर कोलकाता चले गए थे। वहां उनके पिता मजदूरी करते थे और दिनेश भी हाथ बंटाते थे। हालांकि, संघर्ष के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और बीकॉम की डिग्री हासिल की। संगीत और गायिकी उनके खून में थी, क्योंकि उनके परिवार में 'बिरहा' गायन की पुरानी परंपरा रही है। अपने चचेरे भाइयों को गाते देख दिनेश ने भी स्टेज शोज से अपने करियर की शुरुआत की।

'निरहुआ सटल रहे' ने रातों-रात बनाया स्टार

दिनेश लाल यादव के करियर में सबसे बड़ा मोड़ साल 2003 में आया, जब उनका म्यूजिक एल्बम 'निरहुआ सटल रहे' रिलीज हुआ। इस एल्बम ने सफलता के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए और उन्हें घर-घर में 'निरहुआ' के नाम से पहचान दिलाई। इस एक एल्बम की लोकप्रियता इतनी थी कि लोग दिनेश लाल यादव का असली नाम भूल गए और उन्हें 'निरहुआ' के रूप में ही अपनाने लगे। इसी सफलता ने उनके लिए भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के दरवाजे खोल दिए।

मजदूर से 'निरहुआ रिक्शावाला' तक का सफर

गायिकी के बाद निरहुआ ने 2006 में अभिनय की शुरुआत की, लेकिन उन्हें असली पहचान 2008 में आई फिल्म 'निरहुआ रिक्शावाला' से मिली। यह फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई और इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। 'निरहुआ हिंदुस्तानी', 'पटना से पाकिस्तान' और 'बॉर्डर' जैसी फिल्मों के जरिए उन्होंने खुद को भोजपुरी सिनेमा का सबसे भरोसेमंद और महंगा एक्टर साबित किया। फिल्मों के साथ-साथ 'बिग बॉस 6' में उनकी भागीदारी ने उन्हें नेशनल लेवल पर भी पहचान दिलाई।

अवॉर्ड्स और राजनीति में सक्रियता

अपनी मेहनत के दम पर निरहुआ ने न केवल दौलत कमाई, बल्कि सम्मान भी हासिल किया। उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें प्रतिष्ठित 'यश भारती सम्मान' से नवाजा है। आज वह न केवल एक अभिनेता और गायक हैं, बल्कि राजनीति के मैदान में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। एक समय साइकिल पर चलने वाला यह कलाकार आज लग्जरी गाड़ियों के बेड़े का मालिक है, जो साबित करता है कि अगर सपने सच करने की जिद हो, तो किस्मत को भी झुकना पड़ता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com