

Nikita Porwal Janmashtmi Wish: मिस वर्ल्ड 2026 ब्यूटी कॉम्पीटिशन में भारत को रिप्रजेंट करने वाली निकिता पोरवाल ने खास अंदाज में सभी देशवासियों को जन्माष्टमी की बधाई दी है। उन्होंने जन्माष्टमी के मौके पर भगवान श्रीकृष्ण के गीता ज्ञान को लेकर बड़ी बात कही है।
उज्जैन में जन्मी निकिता पोरवाल मिस वर्ल्ड 2026 कॉम्पीटिशन में पूरी दुनिया के सामने भारत का प्रतिनिधित्व कर रही है। जन्माष्टमी के शुभ मौके पर उन्होंने विदेश की धरती पर होते हुए भी भगवान श्रीकृष्ण की सीख को याद कर केवल कर्म करते रहने और परिणाम की चिंता ना करने का संदेश दिया है।
मिस वर्ल्ड 2026 की कंटेस्टेंट निकिता पोरवाल ने इंस्टाग्राम वीडियो के माध्यम से जन्माष्टमी की बधाई दी है। उन्होंने इस वीडियो में कहा कि कर्म करते जाओ और फल की चिंता मत करो। भगवान श्री कृष्ण का जीवन हमें हमेशा यह याद दिलाता है कि हम पूरे दिल से अपना कर्म करें और बाकी सब किस्मत पर छोड़ दें। इस जन्माष्टमी पर, मिस वर्ल्ड इवेंट से ठीक एक दिन पहले, यह सोच पहले से कहीं ज़्यादा अपनेपन का एहसास कराती है। कल, मैं स्टेज पर अपना सब कुछ झोंक दूंगी और आज, मैं कुछ भी नहीं मांग रही, क्योंकि मुझे पूरा भरोसा है कि श्री कृष्ण पहले से ही मेरे साथ चल रहे हैं और मेरे हर कदम पर मेरा मार्गदर्शन कर रहे हैं। तो इसी भरोसे के साथ, मैं आप सभी को जन्माष्टमी की बहुत-बहुत शुभकामनाएँ देती हूँ। राधे-राधे!
उज्जैन की निकिता पोरवाल इस साल मिस वर्ल्ड कॉम्पीटिशन में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही है। प्रतियोगिता के दौरान वह अलग-अलग चैलेंज और गतिविधियों में हिस्सा ले रही हैं। मिस वर्ल्ड का प्लेटफॉर्म सिर्फ खूबसूरती तक सीमित नहीं है। यहां कंटेस्टेंट की पर्सनैलिटी, कम्यूनिकेशन स्किल्स, टैलेंट और सामाजिक सरोकारों से जुड़े काम को भी महत्व दिया जाता है। ऐसे में निकिता पोरवाल का भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विचारों से जुड़ा संदेश खास महत्व रखता है।
निकिता पोरवाल का जन्माष्टमी संदेश विदेश में आयोजित हो रहे अंतरराष्ट्रीय मंच से भारतीय संस्कृति की झलक पेश करता है। भगवान कृष्ण का संदेश भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। निकिता पोरवाल ने इस वीडियो कैप्शन में लिखा है कि इस साल घर से दूर जन्माष्टमी मनाना कुछ अलग सा लग रहा है।
यह जानकर बहुत सुकून मिलता है कि ज़िंदगी आपको चाहे कहीं भी ले जाए, आस्था हमेशा घर जैसा एहसास कराती है। और आज, यहाँ वियतनाम में, जब मिस वर्ल्ड का ग्रैंड फ़िनाले बस एक दिन दूर है, तो मुझे यह एहसास पहले से कहीं ज़्यादा हो रहा है। भगवान कृष्ण के जीवन ने मुझे हमेशा सिखाया है कि अपने रास्ते पर भरोसा रखूँ, पूरी ईमानदारी से अपना काम करूँ और बाकी सब उन पर छोड़ दूँ। इसलिए आज, मैं कुछ भी नहीं माँग रही हूँ। बस मन में यह शांत विश्वास है कि उन्होंने मुझे यहाँ तक पहुँचाया है, और वे आगे भी मेरा मार्गदर्शन करेंगे। वियतनाम से ढेर सारा प्यार, सकारात्मकता और शुभकामनाएँ।