मर्दानी 3, वध 2, भाबी जी घर पर हैं और बॉर्डर 2 का कलेक्शन (फोटो- सोशल मीडिया)
Monday Box Office Collection: बीते शुक्रवार को रिलीज हुई फिल्में ‘वध 2’ और ‘भाबी जी घर पर हैं’ के लिए वीकेंड राहत लेकर आया था, लेकिन सोमवार का दिन दोनों फिल्मों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हुआ। वहीं लंबे समय से सिनेमाघरों में टिकी ‘बॉर्डर 2’ और ‘मर्दानी 3’ भी मंडे टेस्ट में पूरी तरह मजबूत नजर नहीं आईं। आइए जानते हैं सोमवार की बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट और फिल्मों की ताजा कमाई।
संजय मिश्रा और नीना गुप्ता स्टारर फिल्म ‘वध 2’ वीकेंड पर थोड़ी पकड़ बनाती दिखी थी। रविवार को फिल्म ने करीब 1 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था, लेकिन सोमवार को इसकी रफ्तार अचानक धीमी पड़ गई। सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने मंडे को सिर्फ 31 लाख रुपये की कमाई की। इसके साथ ही फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 2.66 करोड़ रुपये हो गया है। मर्डर और थ्रिलर जॉनर की यह फिल्म दर्शकों को कंटेंट के स्तर पर तो पसंद आई, लेकिन कम स्क्रीन और सीमित प्रचार इसकी कमाई पर भारी पड़ता नजर आ रहा है।
टीवी के पॉपुलर शो पर बनी फिल्म ‘भाबी जी घर पर हैं’ का हाल भी सोमवार को बेहद कमजोर रहा। रविवार को 32 लाख रुपये कमाने के बाद सोमवार को फिल्म सिर्फ 15 लाख रुपये ही जुटा सकी। फिल्म का कुल कलेक्शन अब 1.02 करोड़ रुपये तक पहुंच पाया है। साफ है कि टीवी शो की लोकप्रियता बड़े पर्दे पर दर्शकों को खींचने में नाकाम रही।
रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ ने वीकेंड पर अच्छी वापसी की थी, लेकिन सोमवार को इसके कलेक्शन में भी गिरावट दर्ज की गई। ग्यारहवें दिन फिल्म ने 1.15 करोड़ रुपये कमाए, जबकि दसवें दिन यह आंकड़ा 4 करोड़ से ज्यादा था। अब तक फिल्म का कुल कलेक्शन 37.05 करोड़ रुपये हो चुका है। वीकेंड पर फिल्म को फायदा मिल रहा है, लेकिन वीकडेज में रफ्तार धीमी पड़ती दिख रही है।
18 दिनों से सिनेमाघरों में चल रही ‘बॉर्डर 2’ सोमवार को भी सबसे आगे रही। फिल्म ने मंडे को 1.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। हालांकि रविवार के 7.25 करोड़ की तुलना में यह गिरावट है, लेकिन इसके बावजूद फिल्म का कुल कलेक्शन 311.60 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। 300 करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी यह फिल्म अब भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब है।