Miss World 2025 का ग्रैंड फिनाले आज, जानें कब, कहां और कैसे देख सकते हैं लाइव?

72वें मिस वर्ल्ड फेस्टिवल 2025 का ग्रैंड फिनाले आज यानि 31 मई को होने जा रहा है। ऐसे में सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि मिस वर्ल्ड का ताज किसके सिर पर सजेगा, तो चलिए जानते हैं कब, कहां और कैसे इसे आप देख सकते हैं।
Miss World 2025 का ग्रैंड फिनाले आज, जानें कब, कहां और कैसे देख सकते हैं लाइव?
मिस वर्ल्ड 2025 (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

मुंबई: हैदराबाद में पिछले कई दिनों से मिस वर्ल्ड 2025 की धूम देखने को मिल रही थी। अब आखिरकार आज यानि शनिवार 31 मई को इसका ग्रैंड फिनाले होने जा रहा है। यह खास आयोजन हैदराबाद के HITEX प्रदर्शनी केंद्र में आयोजित किया जा रहा है। इस 72वें मिस वर्ल्ड फेस्टिवल में भारत की ओर से नंदिनी गुप्ता हिस्सा ले रही हैं।

दरअसल, नंदिनी गुप्ता को अप्रैल 2023 में आयोजित फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में ‘मिस वर्ल्ड इंडिया 2023’ का ताज पहनाया गया था। उन्होंने इस प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व किया था। इस इवेंट में देश के 29 राज्यों जैसे दिल्ली सहित और केंद्र शासित प्रदेशों से कुल 30 प्रतिभागी शामिल थे।

कब और कहां देख पाएंगे मिस वर्ल्ड का ग्रैंड फिनाले  खास बात ये है कि मिस वर्ल्ड 2025 के ऑर्गनाइजर ने बताया है कि इस साल पहली बार दुनिया भर के दर्शक इस कार्यक्रम को लाइव देख सकेंगे। वे इसे कुछ चुनिंदा देशों के राष्ट्रीय टेलीविजन चैनलों के जरिए या आधिकारिक वेबसाइट www.watchmissworld.com पर पे-पर-व्यू के माध्यम से देख सकते हैं। भारत में दर्शक इसे SonyLIV ऐप पर ऑनलाइन शाम 6:30 बजे से देख सकते हैं।

नंदिनी गुप्ता ने जीता था लोगों का दिल  बता दें, राजस्थान के कोटा शहर में साल 2004 में जन्मी नंदिनी गुप्ता इस समय मुंबई के लाला लाजपत राय कॉलेज से बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रही हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने बताया कि जब वे सिर्फ 10 साल की थीं, तभी से उनका सपना था कि वे मिस इंडिया बनें।

फेमिना मिस इंडिया 2023 के दौरान नंदिनी ने अपने जवाबों से सभी का दिल जीत लिया था। जब उनसे सवाल किया गया कि क्या वो दुनिया को बदलना चाहेंगी या खुद को, तो उन्होंने कहा, “मैं खुद को बदलूंगी क्योंकि बदलाव हमेशा भीतर से शुरू होता है। जैसे सराहना और दान घर से शुरू होते हैं, वैसे ही बदलाव भी अपने अंदर से आता है।” उन्होंने आगे कहा, “अगर आप खुद को बदल सकते हैं, तो दुनिया को भी बेहतर बना सकते हैं।”

हालांकि, अब दिलचस्प बात ये है कि सबकी निगाहें नंदिनी गुप्ता पर टिकी हैं कि क्या वह इस बार मिस वर्ल्ड का खिताब भारत के नाम कर पाएंगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com