

Mirzapur The Movie Poster: ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी के फैंस के लिए इंतजार की घड़ियां अब खत्म होने वाली हैं। लंबे समय से चर्चा में बनी फिल्म ‘मिर्जापुर द मूवी’ की रिलीज में अब सिर्फ 10 दिन बाकी हैं। फिल्म के मेकर्स ने रिलीज से पहले फाइनल काउंटडाउन शुरू कर दिया है। इसी सिलसिले में एक्सेल एंटरटेनमेंट ने सोशल मीडिया पर फिल्म का नया दमदार पोस्टर शेयर किया है, जिसने फैंस के बीच उत्साह और बढ़ा दिया है।
‘मिर्जापुर द मूवी’ को अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी और पटकथा पुनीत कृष्णा ने लिखी है। रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर फिल्म के प्रोड्यूसर हैं। कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी को-प्रोड्यूसर हैं। फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
नए पोस्टर में पंकज त्रिपाठी के कलीन भैया, अली फजल के गुड्डू पंडित और दिव्येंदु के मुन्ना भैया समेत कई अहम किरदार नजर आ रहे हैं। पोस्टर को देखकर साफ है कि फिल्म में पहले से ज्यादा बड़े स्तर पर एक्शन, ड्रामा और सत्ता की लड़ाई देखने को मिलेगी। इसके अलावा जितेंद्र कुमार की मौजूदगी भी फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा रही है।
फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी और सोनल एस चौहान जैसे कलाकार नजर आएंगे। खास बात यह है कि कहानी में कुछ पुराने और पसंदीदा किरदारों की भी वापसी होगी। दिव्येंदु के मुन्ना भैया, कुलभूषण खरबंदा के सत्यानंद त्रिपाठी और श्रिया पिलगांवकर की स्वीटी गुप्ता की वापसी ने फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है।
एक्सेल एंटरटेनमेंट ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा कि भौकाल का नया ठिकाना थिएटर। बड़े पर्दे पर ‘मिर्जापुर द मूवी’ आने में बस 10 दिन बाकी! फिल्म हिंदी और तेलुगु भाषा में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। 2018 में शुरू हुई ‘मिर्जापुर’ की कहानी ने ओटीटी पर जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी। अब यही भौकाल बड़े पर्दे पर नजर आने वाला है। रिलीज डेट करीब आते ही फैंस की नजर फिल्म के ट्रेलर, कहानी और बॉक्स ऑफिस पर टिकी हुई है।