Manoj Bajpayee की फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ विवादों में घिरी, टाइटल को लेकर सोशल मीडिया पर बैन की मांग

Manoj Bajpayee New Film Controversy: मनोज बाजपेयी की अपकमिंग फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ का टीजर आते ही विवाद खड़ा हो गया है। टाइटल को लेकर सोशल मीडिया पर बैन और बायकॉट की मांग उठने लगी है।
Manoj Bajpayee Ghooskhor Pandit Movie Controversy
मनोज बाजपेयी की नई फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ghooskhor Pandit Movie Controversy: मनोज बाजपेयी की नई फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ का टीजर हाल ही में रिलीज किया गया, लेकिन इसे लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त नाराज़गी देखने को मिल रही है। यूजर्स फिल्म के कंटेंट से ज्यादा इसके टाइटल को लेकर भड़क गए हैं और यहां तक कह दिया है कि किसी भी कीमत पर इस फिल्म को रिलीज नहीं होने देंगे। मामला इतना बढ़ गया है कि लोग नेटफ्लिक्स से फिल्म को बैन करने की मांग कर रहे हैं।

नेटफ्लिक्स के 2026 स्लेट में शामिल है फिल्म

3 फरवरी को नेटफ्लिक्स ने साल 2026 में आने वाली अपनी फिल्मों और वेब सीरीज की लिस्ट जारी की थी। इसी दौरान 15 से ज्यादा प्रोजेक्ट्स के टीजर सामने आए, जिनमें मनोज बाजपेयी की यह फिल्म भी शामिल थी। टीजर में मनोज एक ऐसे दिल्ली पुलिस अधिकारी के रोल में नजर आते हैं, जो भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरा हुआ है और जिसकी छवि दागदार दिखाई गई है। हालांकि टीजर के कंटेंट पर ज्यादा सवाल नहीं उठे, लेकिन फिल्म का नाम सामने आते ही विवाद शुरू हो गया।

क्यों भड़के लोग? क्या है विवाद की वजह

यूजर्स का कहना है कि ‘घूसखोर पंडत’ टाइटल के जरिए एक खास समुदाय को निशाना बनाया गया है। उनका आरोप है कि फिल्म का नाम जातिवादी सोच को बढ़ावा देता है और एक जाति को गलत तरीके से पेश करता है। सोशल मीडिया पर लोग मांग कर रहे हैं कि अगर टाइटल नहीं बदला गया, तो फिल्म का खुला बायकॉट किया जाएगा।

सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा

X (पहले ट्विटर) और इंस्टाग्राम पर यूजर्स ने मेकर्स और नेटफ्लिक्स को टैग करते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। एक यूजर ने लिखा, “टाइटल तुरंत बदला जाए। यह जातिगत नफरत फैलाने वाला है।” वहीं एक अन्य ने कहा, “पंडित ही क्यों? दूसरे धर्मों के नाम क्यों नहीं?” कई लोगों ने साफ चेतावनी दी कि अगर नाम नहीं बदला गया, तो फिल्म को रिलीज नहीं होने दिया जाएगा।

पहले भी बदले जा चुके हैं विवादित टाइटल

यह पहला मौका नहीं है जब किसी फिल्म के नाम को लेकर बवाल मचा हो। इससे पहले भी कई फिल्मों को विरोध के चलते अपना टाइटल बदलना पड़ा है। ‘राम लीला’ का नाम बदलकर ‘गोलियों की रासलीला राम-लीला’, ‘पद्मावती’ से ‘पद्मावत’, ‘मेंटल है क्या’ से ‘जजमेंटल है क्या’ और ‘लक्ष्मी बम’ से ‘लक्ष्मी’ जैसे उदाहरण सामने आ चुके हैं।

फिल्म की स्टारकास्ट

‘घूसखोर पंडत’ में मनोज बाजपेयी के अलावा नुशरत भरूचा, साकिब सलीम, कीकू शारदा, श्रद्धा दास और अक्षय ओबेरॉय अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन रितेश शाह ने किया है और कहानी नीरज पांडे ने लिखी है। फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com