मैं पूरे देश का हूं... गूंजा सरदार पटेल का जोश, ‘मैन ऑफ स्टील: सरदार’ का टीजर हुआ रिलीज

Sardar Patel Movie: भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन पर आधारित फिल्म 'मैन ऑफ स्टील : सरदार' फिल्म का का हाल ही में टीजर जारी किया गया। जिसके लेकर अब दर्शक उत्साहित हैं।
Man of Steel Sardar
मैन ऑफ स्टील: सरदार (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Man of Steel Sardar Teaser: भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और योगदान पर आधारित फिल्म ‘मैन ऑफ स्टील: सरदार’ जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। शुक्रवार को फिल्म के मेकर्स ने इसका दमदार टीजर जारी कर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ा दी है। इस फिल्म को पेन स्टूडियोज और डॉ. जयंतीलाल गड़ा ने पेश किया है, जबकि निर्देशन और लेखन का कार्य मिहिर भूटा ने संभाला है।

दरअसल, टीजर की शुरुआत एक प्रभावशाली डायलॉग से होती है, “मैं न गुजराती हूं, न हिंदू, न पटेल... मैं पूरे देश का हूं।” यह पंक्ति अपने आप में सरदार पटेल की राष्ट्रीय भावना और एकता के संदेश को जीवंत कर देती है। फिल्म का उद्देश्य केवल उनके राजनीतिक योगदान को दिखाना नहीं है, बल्कि उनके व्यक्तित्व, सिद्धांतों और देशभक्ति की भावना को भी उजागर करना है।

‘मैन ऑफ स्टील: सरदार’ की क्या है कहानी

‘मैन ऑफ स्टील: सरदार’ सरदार पटेल के जीवन की उन ऐतिहासिक घटनाओं को दर्शाएगी जिन्होंने भारत को एकता के सूत्र में पिरोया। फिल्म में खेड़ा सत्याग्रह, बारडोली आंदोलन, और हैदराबाद व जूनागढ़ के एकीकरण जैसे अहम अध्यायों को बड़े परदे पर पेश किया जाएगा। इन संघर्षों ने उन्हें “लौहपुरुष” का दर्जा दिलाया और देश की एकता के प्रतीक के रूप में स्थापित किया।

फिल्म में वेदीशा झावेरी, अजय जयराम, चिराग वोहरा, जिमित त्रिवेदी, हितेन कुमार और चेतन धनानी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। निर्माता मयूर के. बारोट ने इस फिल्म को व्हाइट मेजर एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनाया है। खास बात यह है कि यह फिल्म गुजराती और हिंदी दोनों भाषाओं में रिलीज होगी, ताकि सरदार पटेल की प्रेरक कहानी देश के हर कोने तक पहुंच सके।

इस दिन थिएटर में रिलीज होगी फिल्म

आपको बता दें, सरदार पटेल का जन्म 31 अक्टूबर 1875 को गुजरात के नडियाद में हुआ था और उनकी जयंती के मौके पर ही फिल्म 31 अक्टूबर को रिलीज होगी। यह फिल्म उनके वकील से लेकर भारत के पहले उप-प्रधानमंत्री और गृहमंत्री बनने तक के सफर को भावनात्मक और ऐतिहासिक अंदाज में दिखाएगी। फिलहाल ‘मैन ऑफ स्टील: सरदार’ हर भारतीय के लिए प्रेरणा की कहानी है, क्योंकि एक ऐसी शख्सियत की, जिसने पूरे देश को एकता के धागे में पिरो दिया।

(एजेंसी इनपुट के साथ)