ममता कुलकर्णी (फोटो-सोशल मीडिया)
Mamta Kulkarni TV Return: 1990 के दशक की चर्चित अभिनेत्री ममता कुलकर्णी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। करीब ढाई दशक तक फिल्मों और टीवी से दूर रहने के बाद अब वह छोटे पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। खबर है कि वह कुकिंग रियलिटी शो लाफ्टर शेफ्स अनलिमिटेड एंटरटेनमेंट के तीसरे सीजन में नजर आएंगी। हाल ही में ममता कुलकर्णी को शो के सेट पर स्पॉट किया गया, जहां उन्होंने मीडिया से बातचीत भी की।
पैपराजी से बात करते हुए ममता कुलकर्णी ने कहा कि मैं काफी एक्साइटेड हूं क्योंकि 25 साल बाद टीवी पर आने वाली हूं। आपने देखा होगा कि मैं इतने सालों से टीवी पर नहीं दिखी। यह हंसने और लोगों को हंसाने का अच्छा मौका है। जिंदगी बहुत गंभीर हो गई है, हर जगह सीरियसनेस है, ऐसे में अगर हम हंस सकें, खाना बना सकें और एंटरटेन कर सकें तो इससे अच्छी बात क्या होगी? उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने शो के 2-3 एपिसोड देखे हैं और उन्हें यह कॉन्सेप्ट काफी पसंद आया।
गौरतलब है कि ममता कुलकर्णी पिछले कुछ समय से आध्यात्मिक जीवन की ओर बढ़ चुकी हैं। साल 2025 में महाकुंभ के दौरान वह अचानक चर्चा में आईं, जब उन्हें किन्नर अखाड़े का महामंडलेश्वर बनाए जाने की खबर सामने आई। हालांकि, बाद में इस फैसले को लेकर विवाद हुआ और ममता कुलकर्णी ने यह पद छोड़ दिया। फिलहाल ममता कुलकर्णी साध्वी के रूप में नजर आती हैं और संन्यास की राह पर आगे बढ़ चुकी हैं।
अगर उनके फिल्मी करियर की बात करें तो ममता कुलकर्णी ने 1991 में डेब्यू किया था और 2002 तक कई हिट फिल्मों में काम किया। ममता कुलकर्णी ने करण अर्जुन, क्रांतिवीर, ‘वक्त हमारा है’, ‘बाजी’ और ‘किस्मत’ जैसी फिल्मों में अपनी अदाकारी से दर्शकों का दिल जीता। अब जब ममता कुलकर्णी ‘लाफ्टर शेफ्स’ के जरिए टीवी पर वापसी कर रही हैं, तो उनके फैंस काफी उत्साहित हैं। देखना दिलचस्प होगा कि आध्यात्मिक जीवन की ओर कदम बढ़ाने के बाद ममता कुलकर्णी इस नए अवतार में दर्शकों को कितना एंटरटेन कर पाती हैं।