50 हजार खर्चा कर दिए हैं, डायरेक्टर के ताने का किशोर कुमार ने दिया जवाब, जानें जय जय शिव शंकर का मजेदार किस्सा
Kishore Kumar Song: फिल्म 'आप की कसम' के सुपरहिट गाने 'जय जय शिव शंकर' से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा सामने आया है। गाने का बजट 25 हजार से बढ़कर 50 हजार रुपये होने पर डायरेक्टर ने नाराजगी जताई थी।
- Written By: सोनाली झा
किशोर कुमार, राजेश खन्ना और मुमताज (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Kishore Kumar Interesting Story: हिंदी सिनेमा के महान गायक किशोर कुमार के गाए कई गीत आज भी लोगों की जुबान पर हैं, लेकिन कुछ गानों के पीछे ऐसे किस्से भी छिपे हैं जो उन्हें और भी खास बना देते हैं। ऐसा ही एक किस्सा फिल्म ‘आप की कसम’ के सुपरहिट गाने ‘जय जय शिव शंकर’ से जुड़ा है, जिसमें 50 हजार रुपये के बजट पर हुई चर्चा का जवाब किशोर कुमार ने अपने ही अंदाज में गाने के अंदर दे दिया था।
साल 1974 में रिलीज हुई फिल्म ‘आप की कसम’ में राजेश खन्ना और मुमताज की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। फिल्म का संगीत आरडी बर्मन ने तैयार किया था, जबकि निर्देशन जे ओम प्रकाश ने किया था। ‘जय जय शिव शंकर’ गाने को बड़े पैमाने पर फिल्माने की योजना बनाई गई थी।
बजट बढ़ा तो डायरेक्टर हो गए परेशान
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुरुआत में इस गाने का बजट करीब 25 हजार रुपये रखा गया था, लेकिन कोरस सिंगर्स और अतिरिक्त संगीतकारों की जरूरत पड़ने से इसकी लागत बढ़कर 50 हजार रुपये तक पहुंच गई। बजट बढ़ने की खबर सुनकर निर्देशक बार-बार यही कहते रहे कि अगर इतना खर्च करने के बाद भी गाना पसंद नहीं आया तो क्या होगा।
सम्बंधित ख़बरें
गौरव खन्ना पर Bullying के आरोप लगाने वाली शगुन शर्मा का यूटर्न, बोलीं- मैं उनसे मांगना चाहती हूं माफी
Jharkhand Student Protest: झारखंड छात्रों के सपोर्ट में उतरी अनुपमा, बोलीं- सरकार उनकी आवाज सुने
Lock Upp 2: शिवांगी जोशी के लिए हर्षद चोपड़ा ने दी सबसे बड़ी कुर्बानी, सोशल मीडिया पर मच गया बवाल
Yeh Rishta Kya Kehlata Hai में हो गई कबीर के परिवार की एंट्री, दमानी की बात सुन अरमान बना एंग्री यंग मैन
किशोर कुमार ने गाने में ही दे दिया जवाब
जब रिकॉर्डिंग के दौरान किशोर कुमार को इस पूरे मामले की जानकारी मिली तो उन्होंने अपने खास अंदाज में इसका जवाब देने का फैसला किया। उन्होंने पूरे गाने को शानदार तरीके से रिकॉर्ड किया, लेकिन अंत में अचानक अपनी तरफ से कुछ लाइनें जोड़ दीं। उन्होंने गाते हुए कहा कि अरे बजाओ रे बजाओ, ईमानदारी से बजाओ, अरे बजाओ, 50 हजार खर्चा कर दिए हैं। उनकी यह लाइन इतनी स्वाभाविक और मजेदार लगी कि इसे रिकॉर्डिंग से हटाया नहीं गया।
मुमताज ने भी शेयर किया था शूटिंग का अनुभव
इस गाने की शूटिंग से जुड़ा एक और दिलचस्प किस्सा अभिनेत्री मुमताज ने साझा किया था। उन्होंने बताया था कि शूटिंग ऐसी जगह हुई थी जहां आसपास कोई बाथरूम नहीं था। उन्हें जरूरत पड़ने पर काफी दूर तक जाना पड़ता था और उनके साथ उनकी हेयर ड्रेसर भी रहती थीं। आज भी ‘जय जय शिव शंकर’ सिर्फ एक सुपरहिट गीत नहीं, बल्कि किशोर कुमार की हाजिरजवाबी, आर.डी. बर्मन के संगीत और पूरी टीम की मेहनत का ऐसा यादगार उदाहरण माना जाता है, जो दशकों बाद भी दर्शकों के दिलों में उसी उत्साह के साथ गूंजता है।
