

Amitabh Bachchan Prank: टीवी का लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ इन दिनों दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। शो की मेजबानी एक बार फिर बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन कर रहे हैं। इस सीजन में गेमप्ले और लाइफलाइन्स में कई बदलाव किए गए हैं, वहीं सेलिब्रिटी गेस्ट भी शो की रौनक बढ़ा रहे हैं। अब अपनी आगामी फिल्म ‘हैवान’ के प्रमोशन के लिए अक्षय कुमार और सैफ अली खान ‘केबीसी 18’ के मंच पर पहुंचे।
सोशल मीडिया पर सामने आए प्रोमो वीडियो में अमिताभ बच्चन अक्षय कुमार से उनके पर्स को लेकर सवाल करते नजर आते हैं। बिग बी बताते हैं कि अक्षय कुमार चार्ली चैपलिन के बड़े प्रशंसक हैं और अपने पर्स में उनकी तस्वीर रखते हैं। इसके बाद अमिताभ उनसे पर्स दिखाने के लिए कहते हैं। अक्षय मजाकिया अंदाज में अमिताभ से कहते हैं कि उनके पर्स में उनकी यानी अमिताभ बच्चन की तस्वीर भी है। यह सुनकर बिग बी हैरान रह जाते हैं और पूछते हैं कि मेरी तस्वीर?
इसके बाद अक्षय कुमार अपनी सीट से उठकर पर्स अमिताभ बच्चन के पास ले जाते हैं। जैसे ही वह पर्स खोलते हैं, उसमें अचानक आग लगने जैसा सीन दिखाई देता है। यह देखकर अमिताभ बच्चन समेत वहां मौजूद सभी लोग हैरान रह जाते हैं, जबकि अक्षय कुमार जोर-जोर से हंसने लगते हैं। अक्षय इसके बाद मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि यह कभी-कभी हो जाता है सर। हालांकि, थोड़ी देर बाद वह अपने पर्स से अमिताभ बच्चन की जवानी की तस्वीर निकालकर दिखाते हैं।
अक्षय की इस शरारत के बाद अमिताभ बच्चन भी अपने अंदाज में उन्हें जवाब देते हैं। वह कहते हैं कि फिर आग के साथ खेल रहे हैं आप। इस पर अक्षय कुमार साफ करते हैं कि वह सिर्फ मजाक कर रहे थे। अमिताभ बच्चन उन्हें सलाह देते हुए कहते हैं कि आग के साथ मजाक नहीं करना चाहिए। बता दें कि अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म ‘हैवान’ 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म के प्रमोशन के दौरान दोनों कलाकारों की ‘केबीसी 18’ में मौजूदगी दर्शकों के लिए मनोरंजन से भरपूर रही।