‘कांतारा चैप्टर 1’ की टीम में चल रहा है खटपट? ऋषभ शेट्टी ने किया अनफॉलो, सोशल मीडिया पर मचा हड़कप
Rishabh Shetty News: ‘कांतारा चैप्टर 1’ की सफलता के बीच ऋषभ शेट्टी के अनफॉलो विवाद ने फैंस को चौंका दिया है। ऐसे में खबरें हैं कि क्या उनकी टीम के साथ खटपट चल रही है, तो चलिए जानते हैं पूरा मामला।
Rishab Shetty Unfollows Kantara Team: साउथ सिनेमा की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘कांतारा’ ने साल 2022 में बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था। इसके बाद जब ‘कांतारा चैप्टर 1’ का ऐलान हुआ, तो फैंस की उम्मीदें और भी बढ़ गईं। इस प्रीक्वल ने भी रिलीज के बाद शानदार प्रदर्शन किया और देश-विदेश में जबरदस्त सराहना बटोरी। लेकिन अब फिल्म से जुड़ी एक खबर ने फैंस को हैरान कर दिया है।
ऋषभ शेट्टी की ‘कांतारा चैप्टर 1’ की टीम में हुई अनबन?
हाल ही में सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है कि फिल्म के लीड स्टार और डायरेक्टर ऋषभ शेट्टी ने ‘कांतारा चैप्टर 1’ से जुड़े कुछ अहम लोगों को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया है। इन नामों में फिल्म की लीड एक्ट्रेस रुक्मिणी वसंथ, अभिनेता राज बी शेट्टी और प्रोडक्शन हाउस होम्बले फिल्म्स शामिल हैं। इस कदम के बाद फैंस के बीच तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
हालांकि, ऋषभ शेट्टी या उनकी टीम की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन सोशल मीडिया पर यूजर्स का मानना है कि फिल्म की टीम के बीच कुछ मतभेद चल रहे हैं। खासतौर पर राज बी शेट्टी को अनफॉलो करना लोगों को ज्यादा चौंका रहा है, क्योंकि वह और ऋषभ लंबे समय से अच्छे दोस्त माने जाते हैं।
दरअसल, ऋषभ शेट्टी, रक्षित शेट्टी और राज बी शेट्टी को ‘शेट्टी ट्रायो’ के नाम से जाना जाता है। तीनों की दोस्ती इंडस्ट्री में काफी मशहूर रही है। ये अक्सर साथ में नजर आते थे और एक-दूसरे की तारीफ करते नहीं थकते थे। ऐसे में अचानक अनफॉलो की खबर ने इस दोस्ती पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
‘कांतारा चैप्टर 1’ की बात करें तो यह फिल्म ‘कांतारा’ की कहानी से पहले की घटनाओं को दर्शाती है। फिल्म में ऋषभ शेट्टी ने न सिर्फ अभिनय किया, बल्कि निर्देशन की कमान भी संभाली। रुक्मिणी वसंथ ने लीड एक्ट्रेस के रूप में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई, जबकि गुलशन देवैया और जयराम जैसे कलाकारों ने भी अहम भूमिका निभाई।
फिलहाल यह साफ नहीं है कि अनफॉलो करने के पीछे असली वजह क्या है। लेकिन इतना तय है कि इस खबर ने फिल्म के फैंस के बीच हलचल जरूर पैदा कर दी है। अब सभी को इंतजार है कि इस मामले पर ऋषभ शेट्टी या फिल्म की टीम कब चुप्पी तोड़ती है।